मैं तुम्हारे पास आ रहा हूं… इस स्टेटस की क्यों बाराबंकी में होने लगी चर्चा? सुन आप भी हो जाएंगे इमोशनल
Last Updated:
बाराबंकी की यह घटना दिल को भारी कर देने वाली है. एक इंसान, जिसने टूटने के बाद फिर से जीवन जोड़ने की कोशिश की, भीतर ही भीतर अपने दर्द से जूझता रहा. पहली पत्नी की यादें उसके साथ सांस-सांस चलती रहीं, जिन्हें वह किसी से कह न सका. बाहर से सब ठीक दिखा, पर भीतर अकेलापन गहराता गया. एक पल में भावनाओं का सैलाब उमड़ा और उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती. एक शख्स ने मरी हुई पहली बीवी की याद में अपनी जान दे दी.
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक बड़ा ही दिल पिघला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने पहली पत्नी के जाने के बाद फिर से अपनी दुनिया बसाने की सोची. उसने दूसरी शादी कर ली. मगर, फिर अचानक वो आए दिन होटल जाने लगा. एक दिन होटल के कमरे में ही उसे अपनी पहली बीवी की याद सताने लगी. उसने स्टेटस लगाया कि मैं तुम्हारे पास आ रहा हूं. फिर अपनी जान दे दी. अब इस पूरे मामले की चर्चा बाराबंकी में हो रही है.
एक होटल कर्मचारी ने बताया कि आलोक वर्मा कुछ समय से सप्ताह में दो-तीन बार होटल में आते-जाते थे. सोमवार रात भी वह होटल पहुंचे थे. एक बार बाहर निकलकर बाथरूम जाने के बाद वह वापस अपने कमरे में चले गए. बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई. इस पर स्टाफ को कुछ शक हुआ. उन्होंने फैसला लिया कि फोन करना चाहिए.
होटल कर्मचारियों ने फोन किया, जो करीब एक घंटे तक बजता रहा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद कमरे के बाहर आवाज दी गई. फिर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. आशंका होने पर होटल स्टाफ ने डायल-112 पर सूचना दी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया. देखा तो आलोक का शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फांसी पर लटका हुआ मिला.
जांच में सामने आया कि आलोक को पहली पत्नी की याद आ गई थी. उसने मोबाइल पर स्टेटस लगाया था कि मुझे माफ कर दो. मैं तुम्हारे पास आ रहा हूं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है.