यहां शादी की शॉपिंग हो जाती है एक ही दिन में, कीमतें इतनी कम कि यकीन नहीं होगा
Last Updated:
मेरठ का लालकुर्ती बाजार शादी की खरीदारी के लिए लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. यहां दुल्हन के लहंगे से लेकर दूल्हे की शेरवानी और बच्चों की ड्रेस तक सब कुछ एक ही जगह पर मिल जाता है. सस्ते से महंगे हर रेंज के कपड़ों के साथ यह बाजार अपनी गुणवत्ता और वैरायटी के लिए जाना जाता है. खास बात यह है कि यहां कुछ ही घंटों में शादी की पूरी खरीदारी आसानी से की जा सकती है.
अगर आप भी वैवाहिक कार्यक्रम के लिए खरीदारी करना चाहते हैं और इसके लिए दिल्ली की तरफ जाने की सोच रहे हैं, तो आपको चांदनी चौक जाने की आवश्यकता नहीं है. आप मेरठ के लालकुर्ती बाजार से भी वैवाहिक कार्यक्रम के लिए हर तरह की खरीदारी कर सकते हैं.

जी हां, दरअसल मेरठ का लालकुर्ती बाजार चांदनी चौक की तर्ज पर ही जाना जाता है. यहां छोटे बच्चों से लेकर महिलाओं और पुरुषों के लिए हर तरह के साधारण एवं आकर्षक डिजाइन के कपड़े आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं. कीमत की बात करें तो यहां दाम भी काफी किफायती रहते हैं.

व्यापारी रमेश के अनुसार, अगर आप वैवाहिक कार्यक्रम के लिए दुल्हन का लहंगा या अन्य प्रकार की ड्रेस खरीदने की सोच रहे हैं, तो इस मार्केट में 5000 रुपए से लेकर 1,00,000 रुपए तक के आकर्षक लहंगे और ड्रेस उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि दुल्हन की फिटिंग के अनुसार लहंगे यहां तैयार कराकर भी दिए जाते हैं.

इसी के साथ दूल्हों के लिए भी यहां पेंट-कोट, शेरवानी और मौजूदा ट्रेंड के अनुसार हर प्रकार की ड्रेस उपलब्ध है. जैसे ही आप बेगमपुल से लालकुर्ती बाजार में प्रवेश करते हैं, तो आपको कई ऐसी दुकानें दिखाई देंगी, जहां दूल्हा-दुल्हन दोनों के लिए आकर्षक परिधानों की बड़ी रेंज मिलती है. यहां ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार ड्रेस की खरीदारी कर सकते हैं और उसी समय उसकी फिटिंग भी करवा सकते हैं.

वहीं वैवाहिक कार्यक्रमों में लेनदेन और गिफ्टिंग का चलन भी काफी लोकप्रिय है. ऐसे में अगर आप साड़ी, सूट या पैंट सेट खरीदने की सोच रहे हैं, तो वह भी आप इस मार्केट से थोक भाव में खरीद सकते हैं. यहां रोजाना हजारों लोग शादी सहित अन्य समारोहों के लिए कपड़ों की खरीदारी करते हुए दिखाई देते हैं, जिससे यह बाजार मेरठ का सबसे व्यस्त और पसंदीदा शॉपिंग डेस्टिनेशन बन चुका है.

इसी के साथ अगर आप अपने बच्चों के लिए अच्छी और डिजाइनर ड्रेस खरीदना चाहते हैं, तो यहां ऐसी कई दुकानें मौजूद हैं जहां बच्चों की जींस, कुर्ते, शेरवानी, पैंट-कोट सहित अन्य प्रकार के कपड़े आसानी से मिल जाते हैं. एक साल के बच्चों से लेकर बड़े बच्चों तक के लिए यहां हर साइज और डिजाइन उपलब्ध है. इसके लिए आपको कहीं और भटकने की जरूरत नहीं पड़ती.

बताते चलें कि मेरठ की इस मार्केट में हर आय वर्ग के लोगों के लिए कपड़े उपलब्ध हैं. सस्ते से सस्ते और महंगे से महंगे कपड़े यहां आसानी से खरीदे जा सकते हैं. इसके साथ ही वैवाहिक कार्यक्रम से जुड़ी साड़ियां, सूट, पैंट-शर्ट, कॉस्मेटिक सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं भी यहां एक ही जगह पर मिल जाती हैं, जिसके लिए कहीं और भटकने की जरूरत नहीं होती.

बल्कि कुछ ही घंटों में आप वैवाहिक कार्यक्रम की सारी खरीदारी मेरठ के इस मार्केट से कर सकते हैं. हालांकि यह पूरी तरह आप पर निर्भर करता है कि दुकानदार द्वारा बताए गए रेट में आप कितनी मोलभाव कर पाते हैं. क्योंकि यहां शुरुआती दाम थोड़े अधिक बताए जाते हैं, लेकिन अगर आप अच्छे से भाव करना जानते हैं, तो यहां से बेहद किफायती दामों में कपड़े खरीद सकते हैं.