यूपी में घने कोहरे के साथ कोल्डवेव का अलर्ट, तापमान में आएगी बड़ी गिरावट, ठंड से कांप उठेंगे लोग
वाराणसी : यूपी की रातें अब सर्द हो गई हैं. पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है. इसके कारण अब गलन भी महसूस होने लगी है. भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी का अनुमान है कि अभी दो दिनों बाद प्रदेश में फिर से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट देखी जाएगी. इसके साथ ही शीतलहर का प्रकोप भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में देखने को मिलेगा.
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 7 दिसंबर को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग में मौसम शुष्क रहेगा. ऐसे में सुबह और देर रात के समय प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा नजर आ सकता है. हालांकि कोहरे और कोल्डवेव को लेकर फिलहाल मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है.
शाम होने के साथ बढ़ेगी गलन
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, इटावा, कन्नौज, झांसी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, हरदोई, कांसगज, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, महराजगंज, सोनभद्र, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, फिरोजाबाद, उन्नाव, कौशाम्बी, चित्रकुट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रामपुर, बरेली, सुल्तानपुर, मुरादाबाद और गाजियाबाद में सुबह सवेरे कोहरे की चादर नजर आएगी. दिन चढ़ने के साथ धूप खिलेगी. लेकिन शाम को जैसे ही धूप जाएगी फिर गलन अपना प्रकोप दिखाना शुरू करेगी.
लखनऊ में भी दिखेगा कोहरा
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार की सुबह कोहरे की सफेद चादर छाई रहेगी. हालांकि दिन चढ़ने के साथ यहां धूप खिलेगी. पूर्वानुमान है कि आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. उधर दिल्ली से सटे नोएडा की सुबह और रात भी काफी सर्द होगी. आज यहां न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
नए पश्चिमी विक्षोभ से गिरेगा तापमान
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के कारण यूपी में अब ठंड बढ़ी है. फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है. ऐसे में अगले दो दिन बाद फिर तापमान में गिरावट आएगी.
कानपुर में सबसे कम तापमान
यूपी में पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर में दर्ज किया गया. यहां न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं वाराणसी और आगरा में 600 मीटर की दृष्यता वाला घना कोहरा भी छाया रहा.