यूपी में ठंड का थर्ड डिग्री टॉर्चर, आगरा से प्रयागराज तक भीषण कोहरा, कांप उठेंगे लोग, अलर्ट जारी
वाराणसी:यूपी वालों पर फिर कोहरे और गलन का डबल कहर टूटा है. रविवार को प्रदेश के अलग अलग जिलों की शुरुआत घने कोहरे से होगी. इस दौरान कोल्ड डे का अटैक भी होगा. नोएडा से लेकर लखनऊ और गोरखपुर से आगरा तक ठंड के थर्ड डिग्री टॉर्चर से पूरा यूपी कंपकपा उठेगा. बताते चलें कि पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के कारण प्रदेश में ऐसी स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में भी कमी आएगी. आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 जनवरी को पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी यूपी के अधिकांश जिलों में सुबह सवेरे घने से घना कोहरा नजर आएगा. पश्चिमी यूपी के 9 जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं यूपी के भी ज्यादातर जिलों में आज सुबह के वक्त कोहरा नजर आएगा. वहीं कई जिलों में आज दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिलने की भी संभावना है.
मौसम विभाग का अनुमान है रविवार को बिजनौर, सहारनपुर, मोरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, झांसी, महोबा और ललितपुर में घने से घना कोहरा छाया रहेगा. वहीं शामली, मुजफ्फरनगर, संभल, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, प्रयागराज, कौशाम्बी, चित्रकुट, बांदा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर, आगरा, इटावा और फिरोजाबाद में भी 200 से 500 मीटर दृश्यता वाला घना कोहरा नजर आ सकता है. इसको लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है.
आज लखनऊ में हल्का कोहरा, नोएडा में ऐसा होगा मौसम
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घने कोहरे के कारण यूपी के कई ज़िलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम भी हो सकता है. हालांकि अनुमान है कि अगले 72 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी. इस गिरावट के बाद फिर शीतलहर का कहर पूरे यूपी में देखने को मिलेगा. बताते चलें कि बीते 24 घंटे में यूपी में सबसे कम तापमान हरदोई में रिकॉर्ड हुआ. यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं प्रदेश के कई जिलों में बीते 24 घंटे में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा भी छाया रहा.