यूपी में फिर से कोहरे के साथ शीतलहर का अटैक, गिरेगा तापमान, वाराणसी-प्रयागराज समेत 20 जिलों में अलर्ट
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में फिर कोहरे वाले दिन लौट रहे हैं. दो दिन खिली धूप के बाद फिर यूपी के अलग-अलग जिलों में कोहरे की सफेद चादर नजर आएगी. भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने इसकी संभावना जताई है. अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों में फिर यूपी के अलग-अलग जिलों में तापमान में फिर थोड़ी कमी आएगी. तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड भी बढ़ेगी. राजधानी लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, 11 जनवरी को भी पश्चिमी यूपी के साथ पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह सवेरे के वक्त घना कोहरा नजर आएगा. इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसी स्थिति अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग शहरों में नजर आएगी. अनुमान है कि उस दौरान 300 से 500 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा नजर आएगा.
20 जिलों में दिखेगा कोहरा
पूर्वानुमान है कि रविवार को प्रदेश के 20 जिलों में कोहरा नजर आएगा. इन जिलों में चित्रकुट, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली ,गाजीपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर में कोहरा नजर आयेगा. इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
यहां खिली रहेगी धूप
इसके अलावा अयोध्या, अमेठी, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मैनपुरी, झांसी, इटावा, ललितपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, सीतापुर, कन्नौज और उन्नाव में आसमान साफ होगा और दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिलेगी.
लखनऊ-नोएडा में ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह सवेरे हल्का कोहरा नजर आएगा. इस दौरान दिन के समय धूप खिली रहेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7 और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा. हालांकि बीते 24 घंटे की अपेक्षा न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी. वहीं बात नोएडा की करें तो आज वहां न्यूनतम तापमान 6 और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. हालांकि सुबह के वक्त हल्का कोहरा नजर आयेगा. ऐसी स्तिथि फिलहाल अगले 4 से 5 दिनों तक बनी रहेगी. उधर गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा ही रहेगा.
फिर लौट कर आएगी ठंड
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 48 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में फिर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक गिरावट आएगी. बताते चलें कि बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान आजमगढ़ में रिकॉर्ड हुआ. यहां न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा.