यूपी में बदला मौसम, लखनऊ समेत कई जिलों में झमाझम बारिश शुरू, गिरेगा तापमान, IMD ने जारी की
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक बदलते मिज़ाज का असर दिखाया है. लखनऊ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार 27 से 31 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट और हवा की रफ्तार बढ़ने का अनुमान है. लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में मौसम अब पूरी तरह बदल चुका है. आसमान में काले बादल नजर आ रहे हैं और मौसम विभाग ने आज पूर्वी और पश्चिमी संभाग के कई जिलों में बारिश और तेज झोंकेदार हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि मौसम का ये बदला बदला रूख अगले 3 से 4 दिनों तक बना रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी भी प्रदेश के अलग अलग जिलों में देखने को मिलेगी.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक, 27 मार्च को यूपी के दोनों ही संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान पूर्वी यूपी के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी. 28 मार्च को मौसम सामान्य होगा. लेकिन 29 मार्च से फिर बारिश का दौर यूपी में शुरू होगा. मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
27 मार्च को गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, प्रयागराज, प्रतापगढ़, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, हमीरपुर, झांसी, महोबा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली और बागपत में काले बादलों के आवाजाही के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान बादलों के गड़गड़ाहट की आवाज भी कई जिलों में सुनाई देगी.
लखनऊ-नोएडा में सामान्य होगा मौसम
शुक्रवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम सामान्य होगा. आसमान में छिटपुट बादल नजर आएंगे, लेकिन पूरे दिन धूप भी खिली रहेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो आज वहां भी काले बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. आज यहां न्यूनतम तापमान 18 औऱ अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
24 घंटे बाद एक्टिव होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की अगले 24 घंटे बाद फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा.इसके कारण प्रदेश के दोनों ही संभाग में बादल छाएं रहेंगे और बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी.