लघु व सीमांत किसानों के लिए CM योगी ने की बड़ी घोषणा, अब मात्र इतने प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा लोन
Last Updated:
Lucknow News: लखनऊ में आयोजित युवा सहकार सम्मेलन और यूपी को ऑपरेटिव एक्सपो 2025 का शुभारंभ करते हुए प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबोधन में कहा कि आज के इस महत्वपूर्ण अवसर पर किसानों के लिए एक नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है.
लखनऊ: जिले में रविवार (21 दिसंबर, 2025) को युवा सहकार सम्मेलन और यूपी को ऑपरेटिव एक्सपो 2025 का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के अन्नदाता किसानों के हित में एक बड़ी घोषणा की, जिससे लघु और सीमांत किसानों को सीधा लाभ मिलने वाला है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज के इस महत्वपूर्ण अवसर पर किसानों के लिए एक नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक एलडीबी के माध्यम से मिलने वाले ऋण की ब्याज दर को कम किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब किसानों को यह लोन केवल 6 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा और इसमें राज्य सरकार योगदान देगी.
लघु और सीमांत किसान होंगे आर्थिक मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य लघु और सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है. मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत सरकार एलडीबी के जरिए किसानों को 6 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराएगी. इससे अधिक जो भी ब्याज बनेगा, उसका भुगतान राज्य सरकार स्वयं करेगी. इसका सीधा लाभ यह होगा कि किसानों पर ब्याज का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा.
सरकार किसानों को बनाएगी आत्मनिर्भर
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इस योजना के लागू होने से किसानों को खेती से जुड़े कार्यों के लिए सस्ता और सुलभ ऋण मिल सकेगा, जिससे वे अपनी जरूरतों को आसानी से पूरा कर पाएंगे. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है. यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा को सरल और किसान हितैषी बनाया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद किसान बिना किसी परेशानी के लाभ उठा सकें.
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों किसानों को राहत मिलेगी और कृषि क्षेत्र में निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा. मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.