वर्षों की बदहाली खत्म, घोसियाना श्मशान घाट मार्ग को मिली नई पहचान, वर्षों से जर्जर सड़क अब बनेगी राहत की राह

0
वर्षों की बदहाली खत्म, घोसियाना श्मशान घाट मार्ग को मिली नई पहचान, वर्षों से जर्जर सड़क अब बनेगी राहत की राह


लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में घोसियाना होकर श्मशान घाट जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही थी. जगह-जगह गड्ढे, जलभराव और संकरी सड़क के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था. अब इस समस्या से जल्द ही राहत मिलने जा रही है, क्योंकि सड़क के चौड़ीकरण और सीसी रोड निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है.

कई वर्षों से लोगों को झेलनी पड़ रही थी परेशानी
घोसियाना होकर श्मशान घाट जाने वाला यह मार्ग पिछले कई वर्षों से पूरी तरह जर्जर हो चुका था. बारिश के मौसम में सड़क पर जलभराव हो जाता था, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता था. आए दिन वाहन फंस जाते थे और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों लग जाते थे. कई बार लोग गिरकर घायल भी हो चुके थे.

न्यूज़ 18 लोकल की खबर बनी बदलाव की वजह
इस गंभीर समस्या को न्यूज़ 18 लोकल ने अक्टूबर महीने में प्रमुखता से उठाया था. खबर प्रसारित होने के बाद जिला अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने मामले का संज्ञान लिया और स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सड़क की बदहाली और लोगों की परेशानियां साफ नजर आईं.

निरीक्षण के बाद शुरू हुआ चौड़ीकरण कार्य
जिला अधिकारी के निरीक्षण के बाद अब इस मार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य को हरी झंडी मिल गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार अब उन्हें जर्जर सड़क से छुटकारा मिल जाएगा. इस परियोजना पर करीब 1.22 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है, जिससे सड़क को मजबूत और टिकाऊ बनाया जाएगा.

3.5 मीटर से बढ़कर 5.5 मीटर होगी सड़क
इस योजना के तहत घोसियाना से श्मशान घाट मार्ग पर सीसी रोड बनाई जाएगी. पहले यह सड़क केवल 3.5 मीटर चौड़ी थी, जिसे अब बढ़ाकर 5.5 मीटर किया जा रहा है. सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी और जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी.

नाले के निर्माण से खत्म होगी जलभराव की समस्या
सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है. इससे बारिश के मौसम में होने वाले जलभराव की समस्या खत्म होगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण सड़क जल्दी खराब हो जाती थी, लेकिन अब नालों के बनने से सड़क की उम्र भी बढ़ेगी.

अतिक्रमण हटाने में सहयोग कर रहे लोग
सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मकानों के मालिक खुद आगे आकर अतिक्रमण हटा रहे हैं. लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए वे विकास कार्य में पूरा सहयोग कर रहे हैं. इससे प्रशासन को भी काम करने में आसानी मिल रही है.

तीन साल से जर्जर थी सड़क
स्थानीय ग्रामीण बड़कन्ने ने बताया कि करीब तीन वर्षों से अधिक समय से यह सड़क बेहद खराब हालत में थी. आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं और लोग चोटिल हो जाते थे. इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों लोग शहर के माध्यम से जिला मुख्यालय की ओर जाते हैं, जिससे परेशानी और भी बढ़ जाती थी.

मुक्तिधाम और कई इलाकों को जोड़ता है यह मार्ग
इसी मार्ग पर मुक्तिधाम स्थित है, जहां शहर भर से लोग अंतिम संस्कार के लिए आते हैं. साथ ही इसी रास्ते से होकर महेवागंज, सुंदरवल, निघासन और पलिया भीरा की ओर भी बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. सड़क खराब होने से इन सभी को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था.

निर्माण पूरा होने से मिलेगी बड़ी राहत
सड़क निर्माण और चौड़ीकरण पूरा होने के बाद न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से भी राहत मिलेगी. स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सड़क उनके लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अब होता नजर आ रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों