शादी के कपड़े लेने गया था दूल्हा! तभी हुआ कुछ ऐसा, फर्रुखाबाद में मच गया हड़कंप
Last Updated:
Farrukhabad News : फर्रुखाबाद में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शादी के कपड़े लेने जा रहा दूल्हा चाइनीज़ मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. मिशन हॉस्पिटल के पास बाइक से लौटते वक्त मांझा अचानक चेहरे पर लिपट गया, जिसके बाद दूल्हा शिवम यादव सड़क पर गिर पड़ा और उसके चेहरे पर गहरा कट लग गया.
फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अपनी शादी के दिन घर लौट रहे युवक के चेहरे पर चाइनीज़ मांझा आसमानी आफत बनकर टूट पड़ा. फर्रुखाबाद में चाइनीज़ मांझा लगातार लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है. कई हादसों के बावजूद इसकी बिक्री पर रोक नहीं लग पाई है और शहर की दुकानों पर यह बेधड़क बिक रहा है. इसका नतीजा यह है कि आए दिन बाइक सवार इसके कारण घायल हो रहे हैं.
ताज़ा मामला शहर के मिशन हॉस्पिटल के सामने का है, जहां पतंग का मांझा अचानक बाइक सवार तीन लोगों के ऊपर आ गिरा. इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और चालक शिवम यादव गंभीर रूप से घायल हो गया. मांझा नाक के नीचे गहराई तक कट कर गया, जिसके बाद उसे तुरंत डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया.
बारात से पहले हुआ हादसा
सबसे दर्दनाक बात यह है कि कल ही शिवम की शादी थी. वह शादी के कपड़े लेकर घर लौट रहा था. शिवम की कल बारात भोलेपुर से निकलनी थी, लेकिन हादसे ने खुशी का दिन तनाव और चिंता में बदल दिया. सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने बताया कि मांझा लगते ही शिवम के चेहरे से तेज़ी से खून बहने लगा, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया. लोकल18 से बातचीत में शिवम के चचेरे भाई प्रांशु ने बताया कि भाई शादी के कपड़े लेने गंगानगर आया था. हम दोनों वहीं से मोहम्मदाबाद जा रहे थे और फिर भोलेपुर से बारात निकलनी थी. मिशन हॉस्पिटल के पास अचानक मांझा बाइक पर लग गया और हादसा हो गया.
हर साल होती है कई घटनाएं
फर्रुखाबाद में यह कोई पहली घटना नहीं है. इस वर्ष कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें एक व्यक्ति की गर्दन पर गंभीर चोट आई, जबकि दो लोग भी चाइनीज़ मांझे से घायल हुए. बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय हैं. अगर प्रशासन सख्त कार्रवाई करे तो जिले में चाइनीज़ मांझे की बिक्री पर रोक लगाकर इन खतरनाक हादसों को काफी हद तक टाला जा सकता है.
About the Author
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु…और पढ़ें