शादी में हर्ष फायरिंग, लोगों में दहशत, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस, जांच शुरू
Last Updated:
Chandauli latest news : रोहाखी गांव में शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें एक युवक पिस्टल लहराते हुए फायर करता दिख रहा है. युवक को ग्रामीणों ने स्थानीय बीडीसी सदस्य अभिषेक पाण्डेय के रूप में पहचाना. वीडियो सामने आने के बाद इलिया पुलिस हरकत में आई और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
चंदौली: यूपी के चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र के रोहाखी गांव में एक वैवाहिक समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 11 सेकेंड के इस वीडियो ने पुलिस प्रशासन को हरकत में ला दिया है. वीडियो में पिस्टल से फायरिंग करता युवक स्थानीय बीडीसी सदस्य बताया जा रहा है. पुलिस ने पहचान कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फायरिंग का वीडियो
रोहाखी गांव में आयोजित एक वैवाहिक समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक भोजपुरी गाने पर थिरकते हुए एक युवक को पिस्टल से फायरिंग करने के लिए उकसा रहे हैं. युवक बिना किसी रोक-टोक के खुलेआम हर्ष फायरिंग करता नजर आ रहा है. वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.
वैवाहिक कार्यक्रम में हुई थी घटना
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घटना एक सप्ताह पुरानी है और एक शादी समारोह के दौरान शूट की गई थी. समारोह में उपस्थित कई युवकों ने इस खतरनाक गतिविधि को न केवल अंजाम दिया बल्कि उसे रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा भी कर दिया. इस तरह की हर्ष फायरिंग को लेकर पुलिस अनेक बार सख्त चेतावनी दे चुकी है, लेकिन इसके बावजूद भी ऐसी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं.
फायरिंग करने वाला युवक निकला बीडीसी सदस्य
वीडियो में दिखाई दे रहा युवक गांव का ही क्षेत्र पंचायत सदस्य है. ग्रामीणों ने युवक की पहचान अभिषेक पाण्डेय उर्फ विपिन पाण्डेय के रूप में की है. अभिषेक रोहाखी गाँव का निवासी है और प्रभु नारायण पाण्डेय का पुत्र बताया जा रहा है. वायरल वीडियो ग्रामीणों को दिखाए जाने पर उन्होंने इस पहचान की पुष्टि की. पुलिस ने बताया कि इस प्रकार की फायरिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे किसी की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है.
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी हिरासत में
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो की तकनीकी जांच की गई और दिखाई दे रहे सभी युवकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आरोपी अभिषेक पाण्डेय को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट कहा कि हर्ष फायरिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.