शेर शिंबा-सुल्तान के लिए तलाश है ‘जंगली दुल्हन’ की, रोहतक की शेरनी पर नजर
Last Updated:
Etawah Safari Park News: इटावा सफारी पार्क में पैदा हुए शेर शिंबा और सुल्तान के लिए जंगली शेरनी की तलाश की जा रही है. इसके लिए सफारी प्रशासन लगातार कोशिश कर रहा है, ताकि शेरों का कुनबा बढ़ाया जा सके. शिंवा व सुल्तान पांच अक्टूबर को 10 साल के हो जाएंगे.
शिंबा और सुल्तान के लिए दुल्हन की तलाश.
इटावा: एशियाई शेरों के सबसे बड़े आशियाने के रूप में प्रसिद्ध उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क में जन्मे पहले शेर, शिंबा और सुल्तान, के लिए शेरनियों की तलाश जोरों पर है. सफारी प्रबंधन ने इन दोनों शेरों के लिए बेहतरीन किस्म की शेरनियों की तलाश शुरू कर दी है, ताकि उनका कुनबा बढ़ाया जा सके. दोनों शेर साढ़े 9 साल के हो गए हैं, लेकिन अभी तक इनका परिवार नहीं बढ़ पाया है. अब सफारी प्रबंधन ने रोहतक प्राणि उद्यान से शेरनी सुधा को लाने की प्रयास शुरू किया है. इससे उम्मीद है कि जल्द ही दोनों शेरों को उनकी जोड़ी मिल जाएगी और उनका कुनबा भी बढ़ेगा.
सफारी पार्क में बब्बर शेर मनन और जेसिका की पहली मुलाकात से अक्टूबर 2016 में दो शावकों का जन्म हुआ था, जिन्हें सिंबा और सुल्तान नाम दिया गया. अब ये दोनों शेर करीब नौ साल के हो चुके हैं और सफारी के प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं. सफारी में पहले से मौजूद मादा शेरनियां सिंबा और सुल्तान की सिबलिंग हैं. इसी वजह से उनके साथ प्रजनन संभव नहीं है. ऐसे में बाहर से नई शेरनी लाना जरूरी हो गया है, ताकि इन दोनों शेरों की अगली पीढ़ी तैयार हो सके.
रोहतक से शेरनी ‘सुधा’ लाने की तैयारी
सफारी प्रबंधन ने अब हरियाणा के रोहतक प्राणि उद्यान से शेरनी लाने की दिशा में कदम बढ़ाया है. जानकारी के अनुसार, रोहतक की शेरनी ‘सुधा’ को इटावा लाने पर सहमति बन रही है. इसके बदले इटावा सफारी पार्क से वर्ष 2022 में विश्व लायन डे के मौके पर जन्मे नर शेर ‘विश्वा’ को रोहतक भेजा जाएगा. बताया जा रहा है कि शेरनी सुधा पहले दो बार मां बन चुकी है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि वह इटावा में भी सफल प्रजनन कर सकेगी. हालांकि, उसे सफारी में लाने से पहले उसके स्वास्थ्य की पूरी जांच कराई जाएगी. इसके लिए उसके सैंपल आईवीआरआई बरेली और एनसीबीएस बैंगलोर भेजे जाएंगे.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें