सर्दियों में ताजगी और पोषण का राज, इन हरी सब्जियों को अपनी थाली में शामिल करें
Last Updated:
सर्दियों में हरी सब्जियों का स्वाद ही कुछ अलग होता है. हर प्रकार की सब्जियां ताजी और पोषक तत्वों से भरपूर मिलती हैं, जिससे खाने का मज़ा दोगुना हो जाता है. खासकर चने का साग, सरसों का साग, पालक, सोया, मेथी, बथुआ और चौराई जैसी सब्जियों का सेवन न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर को अंदर से स्वस्थ रखने और कई बीमारियों से बचाने में भी मदद करता है.
सर्दियों में पालक का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है. यह आयरन और विटामिन A, C से भरपूर है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने, पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने और वजन कंट्रोल करने में मदद करता है. पालक खाने से शरीर में आयरन की कमी नहीं होती, साथ ही यह एनर्जी लेवल बढ़ाता और दिल को हेल्दी बनाए रखता है.

बथुआ का साग सर्दियों के मौसम में ही मिलता है और इसे विशेष रूप से बुवाई नहीं की जाती. यह अधिकतर गेहूं और आलू की फसलों में उत्पन्न होता है. बथुआ में विटामिन्स, मिनरल्स, कैल्शियम और मैग्निशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो सर्दियों में शरीर को गर्म रखने में मदद करते हैं. इसमें मौजूद फाइबर आंतों की सफाई करता है और उच्च पानी की मात्रा शरीर को हाइड्रेट रखती है और पाचन तंत्र को दुरुस्त बनाए रखती है. इसका सेवन शरीर के लिए बेहद लाभकारी होता है.

सरसों के साग में कैलोरी कम और फाइबर अधिक होता है, जिससे शरीर का मेटाबॉलिज्म ठीक रहता है और वजन नियंत्रण में मदद मिलती है. यह कैल्शियम और पोटैशियम से भरपूर होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक हैं. नियमित सेवन से हड्डियों से जुड़े रोगों का खतरा कम होता है और हड्डियों की सेहत बनी रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सर्दियों में मेथी का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है. ठंड के दिनों में इसका सेवन शरीर को अंदर से ऊर्जा और गर्माहट देता है. मेथी में पोटेशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम के साथ-साथ विटामिन A और C भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. यह पाचन तंत्र को मजबूत रखता है, डायबिटीज को नियंत्रित करने में मदद करता है और त्वचा को स्वस्थ बनाए रखता है.

सर्दियों में चने का साग सेवन के लिए बेहद फायदेमंद होता है, क्योंकि यह ठंड के दिनों में शरीर को ऊर्जा और मजबूती प्रदान करता है. चने के साग में आयरन, कैल्शियम, फाइबर, प्रोटीन और विटामिन A, C व K भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. इसमें मौजूद आयरन हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है, जिससे एनीमिया जैसी समस्या में राहत मिल सकती है.

चौराई एक पौष्टिक और बेहतरीन किस्म की हरी सब्जी है, जिसमें फैट की मात्रा बहुत कम होती है और यह विटामिन, खनिज व प्रोटीन का समृद्ध स्रोत मानी जाती है. इसमें फाइबर, कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन के साथ-साथ विटामिन A, B6, C और E पाए जाते हैं. चौराई में आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, कॉपर, कैल्शियम और पोटैशियम जैसे महत्वपूर्ण खनिज मौजूद होते हैं, जो शरीर को संपूर्ण पोषण प्रदान करते हैं. इसका सेवन हृदय को स्वस्थ रखने, पाचन तंत्र सुधारने और हड्डियों व जोड़ों को मजबूत बनाने में सहायक होता है.