सर्दियों में भी हरा-भरा रहेगा आपका किचन गार्डन, बस इन बातों का रखें ख्याल, मिलेंगी ताजी-ताजी सब्जियां

0
सर्दियों में भी हरा-भरा रहेगा आपका किचन गार्डन, बस इन बातों का रखें ख्याल, मिलेंगी ताजी-ताजी सब्जियां


Last Updated:

Kitchen Garden Winter Care Tips: कड़ाके की ठंड और पाले का असर किचन गार्डन पर भारी पड़ सकता है, लेकिन सही समय पर थोड़ी सी सावधानी आपके पौधों को सुरक्षित रख सकती है. लेकिन किसान भाई कुछ आसान उपाय अपनाएं तो सर्दियों में भी हरी-भरी सब्जियों का आनंद लिया जा सकता है. आइए जानते हैं कौनसे है वो उपाय.

शाहजहांपुर: सर्दियों के मौसम में जब कड़ाके की ठंड और पाला पड़ता है, तो इसका सीधा असर किचन गार्डन पर देखने को मिलता है. तापमान के बहुत नीचे चले जाने पर पौधों की कोशिकाओं के अंदर मौजूद पानी जम जाता है. इससे कोशिकाएं फट जाती हैं और पौधे मुरझाकर काले पड़ने लगते हैं. शीतलहर के चलते मिट्टी की नमी भी धीरे-धीरे खत्म हो जाती है, जिससे पौधों की बढ़वार रुक जाती है और फल व पत्तियां गिरने लगती हैं.
खासतौर पर टमाटर, बैंगन और मिर्च जैसे पौधे पाले के प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं और जल्दी नुकसान झेलते हैं. ऐसे में जरूरी है कि समय रहते किचन गार्डन की देखभाल की जाए, ताकि मेहनत से उगाई गई सब्जियां ठंड की मार से सुरक्षित रह सकें.

किचन गार्डन क्यों है जरूरी
प्रगतिशील युवा किसान रनजोद सिंह बताते हैं कि किचन गार्डन केवल शौक भर नहीं है, बल्कि यह परिवार के स्वास्थ्य की सुरक्षा का एक मजबूत जरिया भी है. आज के समय में बाजार की अधिकतर सब्जियों में कीटनाशक और रसायन पाए जाते हैं. ऐसे में घर पर उगी ताजी और साफ सब्जियां न सिर्फ सेहतमंद होती हैं, बल्कि रसोई के खर्च को भी कम करती हैं. साथ ही, किचन गार्डन से मानसिक सुकून भी मिलता है.

सर्दियों में किचन गार्डन की सही देखभाल कैसे करें
ठंड के मौसम में गार्डन को सुरक्षित रखने के लिए सही प्रबंधन बेहद जरूरी है. पौधों की जड़ों के पास सूखी घास, पत्ते या भूसा बिछाकर मल्चिंग कर दें. इससे मिट्टी की गर्मी बनी रहती है और पाले का असर कम होता है.
शाम के समय हल्की सिंचाई करना फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि नमी पाले के प्रभाव को कम कर देती है. यदि संभव हो तो मिनी स्प्रिंकलर से सिंचाई करें, इससे बेहतर परिणाम मिलते हैं.
छोटे और नाजुक पौधों को रात के समय पुराने कपड़े, पुआल या ग्रीन नेट से ढक दें, ताकि ठंडी हवा और पाले से बचाव हो सके. हालांकि, दिन में जब धूप निकल आए तो पौधों को जरूर खोल दें, ताकि उन्हें पर्याप्त धूप मिल सके.

इन बातों का भी रखें ध्यान
पौधों को ऐसी जगह रखें, जहां दिनभर अच्छी धूप आती हो. सर्दियों में जरूरत से ज्यादा खाद डालने से बचें, क्योंकि इससे पौधों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. संतुलित देखभाल और समय पर किए गए छोटे-छोटे उपाय आपके किचन गार्डन को भीषण ठंड में भी सुरक्षित रख सकते हैं.
थोड़ी सी समझदारी और नियमित देखभाल से सर्दियों में भी आपका किचन गार्डन हरा-भरा रहेगा और आपको ताजी सब्जियों का स्वाद मिलता रहेगा.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें

homeagriculture

सर्दियों में भी हरा-भरा रहेगा आपका किचन गार्डन, बस इन बातों का रखें ख्याल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों