सीएम सामूहिक विवाह : सात फेरे और सात जन्मों की कसम खाकर 600 जोड़े एक दूजे के हुए, जानें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए क्या मिला
Last Updated:
Kanpur Latest News : कानपुर के चन्द्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विशाल मैदान में गुरुवार का दिन पूरी तरह विवाह की खुशियों से सराबोर दिखा. सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 600 से अधिक जोड़ों ने सामाजिक समरसता और उत्साह के बीच सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की.
कानपुर: चन्द्रशेखर आज़ाद कृषि विश्वविद्यालय का मैदान सुबह से ही सजावट, रंगीन पंडालों और उत्साहित परिजनों की मौजूदगी से दुल्हन की तरह सजा नजर आया. हर मंडप में मंत्रों की गूंज रही थी. परिवारजन अपने मोबाइल कैमरों से इन खास पलों को कैद करने में व्यस्त दिखे. सेल्फी हो या ग्रुप फोटो, हर तरफ खुशी का माहौल छाया हुआ था.
प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुआ आयोजन
कार्यक्रम में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. पूरा आयोजन प्रशासन की सतर्कता में सुचारु रूप से चलता रहा. मंच पर मौजूद अधिकारियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की.
फर्जीवाड़े पर रोक के लिए बायोमैट्रिक व फेस रिकॉग्निशन
इस वर्ष सामूहिक विवाह योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष कदम उठाए. जिला समाज कल्याण अधिकारी शिल्पी सिंह के अनुसार, पहली बार सभी जोड़ो की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई. साथ ही फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के माध्यम से उनकी पहचान सुनिश्चित की गई. इससे यह तय किया गया कि योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक ही पहुंचे.
जोड़ों को मिला घरेलू सामान और सुविधाएं
कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान प्रदान किया गया. आयोजन स्थल पर भोजन, पानी, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई. जोड़ों ने बताया कि यह सहायता उन्हें नए जीवन की शुरुआत में मजबूती देती है.
एक साथ सात फेरे और गूंज उठा पंडाल
सजे हुए मंडपों में सभी जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में प्रवेश किया. जैसे ही रस्में पूरी हुईं, पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से भर उठा. परिजनों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया. कई नवविवाहितों ने इस योजना को अपने जीवन का नया अध्याय और बड़ा अवसर बताया.
सामाजिक समरसता और पारदर्शिता का उदाहरण
कानपुर में आयोजित यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम सरकार की पारदर्शिता और सामाजिक उत्थान की पहल का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया. चन्द्रशेखर आज़ाद कृषि विश्वविद्यालय का परिसर इस ऐतिहासिक दिन का साक्षी बना, जब 600 से अधिक जोड़ों ने एक साथ अपना वैवाहिक जीवन शुरू किया.