हाईस्कूल पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, कृषि विभाग दे रहा यह खास ट्रेनिंग, मिलेगा रोजगार
Last Updated:
Jaunpur News: जौनपुर में कृषि विभाग बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण चला रहा है. हाईस्कूल–इंटर पास युवक-युवतियां बीज, उर्वरक व कीटनाशक प्रशिक्षण लेकर प्रमाण पत्र के आधार पर दुकान खोल सकेंगे. इससे रोजगार और किसानों दोनों को लाभ मिलेगा.
जौनपुर: जिले में बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण चलाया जा रहा है. इस योजना के तहत ऐसे युवक-युवतियां जो हाईस्कूल या इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हैं, लेकिन बीएससी एग्रीकल्चर या केमेस्ट्री की पढ़ाई नहीं कर सके हैं और जिनके पास बीज, उर्वरक व कीटनाशक दवाओं की दुकान खोलने का प्रमाण पत्र नहीं है, उनके लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए डा. वीपी द्विवेदी उप निदेशक कृषि ने बताया कि सरकार द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है. इसके अंतर्गत इच्छुक बेरोजगार युवा अपना रजिस्ट्रेशन कराकर प्रत्येक रविवार को प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं. यह प्रशिक्षण पूरी तरह से व्यावहारिक होगा, जिससे युवाओं को बीज, उर्वरक और कीटनाशक दवाओं की सही जानकारी दी जाएगी.
डा. द्विवेदी ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक दवाओं का अधिकृत प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा. इस प्रमाण पत्र के आधार पर वे स्थानीय स्तर पर अपनी दुकान खोल सकेंगे और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे. इससे न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि किसानों को भी सही गुणवत्ता की कृषि सामग्री और तकनीकी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी.
वहीं जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह ने कहा कि यह योजना समाज से बेरोजगारी दूर करने में अहम भूमिका निभाएगी. प्रशिक्षित युवाओं के माध्यम से किसानों तक नई तकनीक, उन्नत बीज और सही दवाएं पहुंचेंगी, जिससे खेती अधिक लाभकारी बनेगी. किसान आधुनिक तकनीकी खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे.
उन्होंने कहा कि यह अवसर खासतौर पर उन युवाओं के लिए है जो पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं. कृषि विभाग की यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें