30 लाख लीटर पानी भी नहीं बुझा सका डंपिंग ग्राउंड की आग, संघर्ष जारी…
Last Updated:
नोएडा सेक्टर 32 के हॉर्टिकल्चर डंपिंग ग्राउंड में लगी आग पांच दिन बाद भी नहीं बुझी है. 30 लाख लीटर पानी और 50 से ज्यादा फायर टेंडर का इस्तेमाल हुआ. आग बुझाने के प्रयास जारी हैं.
डंपिंग ग्राउंड में लगी आग बुझाते कर्मचारी.
हाइलाइट्स
- नोएडा सेक्टर 32 में डंपिंग ग्राउंड में आग पांच दिन से जारी.
- 30 लाख लीटर पानी और 50 से ज्यादा फायर टेंडर का इस्तेमाल.
- दमकल विभाग और प्राधिकरण के प्रयासों के बावजूद आग बुझाने में समय लग सकता है.
नोएडा: नोएडा सेक्टर 32 स्थित प्राधिकरण के हॉर्टिकल्चर डंपिंग ग्राउंड में लगी भीषण आग पांच दिन बाद भी पूरी तरह से नहीं बुझ पाई है. आग बुझाने के लिए अब तक 30 लाख लीटर से ज्यादा पानी का इस्तेमाल किया जा चुका है, लेकिन आग अभी भी सुलग रही है. दमकल विभाग के कई फायर टेंडर और प्राधिकरण के पानी टैंकर आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं.
कैसे लगी थी आग?
बीती 5 मार्च को अचानक इस डंपिंग ग्राउंड में आग लग गई थी. यहां शहरभर के सूखे पत्ते और पेड़ों की कटाई-छंटाई से निकला कचरा डंप किया जाता है. आग लगते ही पूरे इलाके में धुआं फैल गया था, जिससे स्थानीय लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी थी. दमकल विभाग को तुरंत इसकी सूचना दी गई, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि इसे बुझाने के लिए अब भी लगातार प्रयास जारी हैं.
अब तक का राहत कार्य
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए अब तक 50 से ज्यादा फायर टेंडर भेजे जा चुके हैं. हर दिन दर्जनों दमकल गाड़ियां और प्राधिकरण के पानी के टैंकर मौके पर लगाए गए हैं. एक दिन पहले आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन प्राधिकरण की ओर से समय पर पानी नहीं डाले जाने के कारण आग फिर से सुलग उठी.
दमकल विभाग की छह गाड़ियां हुई ब्रेकडाउन
पत्तियों और झाड़ियों के कचरे के नीचे से सुलग रही आग के कारण अभी भी फैलता हुआ धुआं देखा जा सकता है. एक तरफ से आग बुझाई जाती है तो दूसरी तरफ से धुआं निकलने लगता है. प्राधिकरण के टैंकर और फायर की गाड़ियां लगातार पानी का छिड़काव कर रही हैं, लेकिन आग अंदर ही अंदर सुलग रही है. इस वजह से डंपिंग ग्राउंड के कचरे को जेसीबी से खोदकर फैलाया जा रहा है. सीएफओ प्रदीप कुमार का कहना है कि पिछले पांच दिनों से लगातार हर दिन 15 गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं. उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जैसे गाड़ियां गड्ढे में जा रही हैं, पंचर हो रही हैं और एक्सल टूट रहे हैं.
इस कारण छः गाड़ियां ब्रेकडाउन हो चुकी हैं. उन्होंने बताया कि कल रात तक उन्होंने आग बुझाकर हॉर्टिकल्चर को हैंडओवर कर दिया था. आग बिल्कुल नहीं थी, लेकिन थोड़ा बहुत धुआं रात में रह गया था. हॉर्टिकल्चर द्वारा पानी के टैंकर से पानी का छिड़काव किया जाना था, लेकिन पानी नहीं डाला गया, जिसके कारण एक बार फिर आग भड़क गई. इसके बाद आज तीन गाड़ियां फिर से भेजी गई हैं.
दमकल विभाग और प्राधिकरण के प्रयास
फिलहाल, मौके पर दो से तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और प्राधिकरण के आधा दर्जन पानी के टैंकर आग बुझाने में जुटे हैं. इसके अलावा, चार बुलडोज़र की मदद से डंपिंग ग्राउंड में पड़े कूड़े को उलट-पलट किया जा रहा है, ताकि नीचे दबे सूखे कचरे पर भी पानी डाला जा सके और आग को पूरी तरह से बुझाया जा सके.
आग कब तक बुझेगी?
फायर ब्रिगेड और प्राधिकरण के संयुक्त प्रयासों के बावजूद आग को पूरी तरह से बुझाने में अभी और समय लग सकता है. अधिकारियों के अनुसार, जब तक नीचे दबी हुई चिंगारियों को पूरी तरह से ठंडा नहीं किया जाता, तब तक आग दोबारा भड़क सकती है. अब देखने वाली बात यह होगी कि इस भीषण आग पर कब तक पूरी तरह से काबू पाया जा सकता है.
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
March 11, 2025, 15:49 IST