500 करोड़ में चकाचक होंगी नोएडा की सड़कें, इस दिन तक पूरा होगा काम, प्लान हुआ तैयार
Last Updated:
नोएडा में जर्जर सड़कों से परेशान लोगों को राहत मिली है. नोएडा ऑथोरिटी ने 500 करोड़ रुपये के बजट से 150 किमी सड़कों की रीसर्फेसिंग का फैसला किया है. सर्किल 1 से 5 को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां सड़कें सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हैं. चरणबद्ध तरीके से कार्य होगा और अप्रैल 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है, ताकि यातायात और सुरक्षा में सुधार हो सके.
नोएडा: नोएडा की टूटी-फूटी और गड्ढों से भरी सड़कों से परेशान शहरवासियों के लिए आखिरकार राहत की खबर है. नोएडा प्राधिकरण ने शहर की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने के लिए करीब 500 करोड़ रुपये की बड़ी राशि का बजट पास किया है. इस अभियान के तहत लगभग 150 किलोमीटर लंबी सड़कों की रीसर्फेसिंग कराई जाएगी. प्राधिकरण सर्किल-वार टेंडर जारी कर रहा है, ताकि काम व्यवस्थित तरीके से और तय समय सीमा में पूरा हो सके. योजना में उन सड़कों को सबसे पहले शामिल किया गया है, जो बारिश, भारी यातायात और समय पर मरम्मत न होने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं.
सर्कल 01 से सर्कल 5 तक की सड़कों की हालत बेहद खराब
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह के अनुसार, शहर के सर्किल 1 से 5 की सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खराब पाई गई है. कई इलाकों में सड़कें उखड़ चुकी हैं, जबकि कई प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. इससे न सिर्फ यातायात की रफ्तार धीमी हुई है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी काफी बढ़ गया है. रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों, स्कूली वाहनों और ऑफिस के बाहर काम करने वालों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है.
अप्रैल तक पूरा काम खत्म करने की तैयारी
नई योजना के तहत इन पांचों सर्किलों की सड़कों को प्राथमिकता पर लेते हुए व्यापक स्तर पर रीसर्फेसिंग कार्य कराया जाएगा. अधिकारियों ने इस अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य तय किया है और उम्मीद जताई है कि सभी कार्य अप्रैल 2026 के अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे. इसके लिए अलग-अलग सर्किलों में एक साथ काम कराया जाएगा, ताकि शहरवासियों को जल्द राहत मिल सके और यातायात पर ज्यादा असर न पड़े.
चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा काम
रीसर्फेसिंग के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चरणबद्ध योजना तैयार की जा रही है. जिन सड़कों पर काम होगा, वहां वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी ताकि लोगों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े. फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि सड़कों की स्थिति सुधारना प्राधिकरण की प्राथमिकता है और इससे शहर की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें