60 फीट लंबे रथ पर सजी झांकी, काशी में हनुमान जी की पूंछ की तरह बढ़ती गई यात्रा, सब हैरान
Last Updated:
Hanuman Jayanti: सात वार नौ त्योहार के शहर बनारस में हर उत्सव की अलग ही रंगत देखने को मिलती है. संकट मोचन हनुमान जी की जयंती के अवसर पर काशी में सबसे बड़ी ध्वजा यात्रा निकाली गई. इस ध्वजा यात्रा के लिए कई तैयारियां की गई थीं.
वाराणसी: शिव की नगरी काशी में रामभक्त हनुमान की जयंती धूमधाम से मनाई गई. एक तरफ मंदिरों में भारी भीड़ देखने को मिली तो दूसरी तरफ काशी की सड़कों पर सबसे बड़ी हनुमान ध्वजा यात्रा निकाली गई. इस यात्रा की लंबाई हनुमान जी की पूंछ की तरह ही बढ़ती चली गई. 3 किलोमीटर लंबे इस हनुमान ध्वजा यात्रा में 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु शामिल हुए. इस दौरान जय श्री राम और जय हनुमान की गूंज हर तरफ गूंजती रही.
भिखारीपुर से निकले इस शोभायात्रा में भक्तों का कारवां बढ़ता देख हर कोई हैरान रहा. ध्वजा यात्रा का एक हिस्सा संकट मोचन दरबार में तो दूसरा बीएचयू गेट पर रहा. इस यात्रा के दौरान 60 फीट लंबे रथ पर प्रभु श्री राम की झांकी भी सजी और राम भजन की धुन से पूरा माहौल राममय बना रहा. संकट मोचन हनुमान जी की विभिन्न झांकिया और 60 फीट ऊंचा ध्वज इस ध्वजा यात्रा में भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा. इस यात्रा में महिलाएं हाथों में ध्वज लिए नंगे पांव चलती रही. संकट मोचन बाबा के दरबार पहुंच भक्तों ने 5100 ध्वज उन्हें अर्पित किए.
सात राज्य से आए भक्त हुए शामिल
श्री हनुमत सेवा समिति के अध्यक्ष रामबली मौर्या ने बताया कि बीते 2 दशक से ज्यादा समय से यह यात्रा अनवरत चलती आ रही है. इस यात्रा में 7 राज्यों से लोग शामिल होने के लिए आते हैं. भक्तों की भीड़ और लगी लंबी कतार के कारण यह यात्रा पूर्वांचल की सबसे बड़ी शोभा यात्रा में शुमार है.
भस्म होली की भी झलक
इस बार हनुमान ध्वजा यात्रा में मसाने होली की भी झलक दिखी. भगवान शिव का स्वरूप धारण किए कलाकारों ने मसाने में होली के गीत पर भस्म उड़ाकर भक्तों का मन मोह लिया. हनुमान ध्वजा यात्रा के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहें. एडीसीपी, एसीपी खुद सड़क पर उतर सुरक्षा की कमान संभालते रहें. इसके अलावा, जगह-जगह थानों की फोर्स और महिला पुलिस भी तैनात रही.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें