8 महीने बाद दुल्हन का पता चला सच, दूल्हा मलता रह गया हाथ, बोला- निशा अच्छा नहीं की हो
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक को बिचौलियों के माध्यम से शादी करना भारी पड़ गया. 50 हजार रुपये लेकर दलालों ने शादी तो करा दी, लेकिन लुटेरी दुल्हन महज 8 माह बाद लाखों के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गई.
महोबाः उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक को बिचौलियों के माध्यम से शादी करना भारी पड़ गया. 50 हजार रुपये लेकर दलालों ने शादी तो करा दी, लेकिन लुटेरी दुल्हन महज 8 माह बाद लाखों के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गई. पीड़ित ने अब एसपी से न्याय की गुहार लगाई है. बुंदेलखंड के महोबा जिले में ‘लुटेरी दुल्हन’ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है.
दलालों के जरिए रघुराज की हुई शादी
ताजा मामला चरखारी तहसील के अस्थौन गांव का है, जहां 35 वर्षीय रघुराज एक गहरी साजिश का शिकार हो गया. रघुराज की शादी अप्रैल 2025 में मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की रहने वाली निशा से हुई थी. लेकिन यह शादी किसी रस्म-रिवाज का हिस्सा नहीं, बल्कि दलालों की एक सोची-समझी योजना थी.
50 हजार रुपये वसूली थी
पीड़ित रघुराज के मुताबिक, गांव के ही चरण सिंह और कनेरा निवासी शेखर ने शादी कराने के नाम पर उससे और उसके परिवार से 50 हजार रुपये की मोटी रकम वसूली थी. दलाल उसे मध्य प्रदेश ले गए और खेतों में आनन-फानन में शादी की रस्म अदायगी कर दी गई. शादी के कुछ समय बाद ही बिचौलियों का रघुराज के घर आना-जाना बढ़ गया और वे उसकी पत्नी निशा के संपर्क में रहने लगे.
मायके छोड़कर आया था पत्नी को
जब रघुराज ने इस संदिग्ध व्यवहार का विरोध किया, तो उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी गई. साजिश के अगले चरण में, पत्नी निशा ने मायके जाने की जिद की. रघुराज उसे सुरक्षित छोड़कर वापस आया, लेकिन जब वह उसे लेने दोबारा ससुराल पहुंचा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. निशा वहां से गायब थी और उसके माता-पिता के घर पर ताला लटका था. घर लौटने पर पता चला कि निशा अपने साथ सोने की बिजली, कंठी, मंगलसूत्र और चांदी की भारी पायल समेत लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो चुकी है.
परेशान पति ने लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित का आरोप है कि बिचौलियों और दुल्हन ने मिलकर उसे चूना लगाया है. रघुराज के पास दलालों को रुपये देने का वीडियो साक्ष्य भी मौजूद है. फिलहाल, परेशान पति ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है और मोबाइल सर्विलांस के जरिए लुटेरी दुल्हन का पता लगाने और दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. अब देखना यह है कि पुलिस इस गिरोह का भंडाफोड़ कब तक कर पाती है.
About the Author
प्रशान्त राय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं. प्रशांत राय पत्रकारिता में पिछले 8 साल से एक्टिव हैं. अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए प्रशांत राय फिलहाल न्यूज18 हिंदी के साथ पिछले तीन …और पढ़ें