Pilibhit News : पर्यटन के साए में मंडरा रहा खतरा! हाथी के हमले से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
Last Updated:
Pilibhit News : पीलीभीत जिले में पर्यटन का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. लेकिन पर्यटन के साथ ही साथ लगातार बढ़ रही मानव वन्यजीव संघर्ष की परिस्थितियां भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं. शनिवार देर रात हाथी के कुचलने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है. वहीं जिम्मेदारों के पास निगरानी के पुराने राग के सिवा कोई जवाब नहीं है.
पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पर्यटन का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. लेकिन पर्यटन के साथ ही साथ लगातार बढ़ रही इंसानों और जंगली जानवरों के बीच संघर्ष की परिस्थितियां भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं. शनिवार देर रात हाथी द्वारा कुचलने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है. वहीं जिम्मेदारों के पास निगरानी के पुराने राग के सिवा कोई जवाब नहीं है.
गौरतलब है कि बीते कुछ सालों से पीलीभीत जिला यहां के जंगलों और भारी भरकम बाघों के लिए देश दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है. मगर इस बात को भी नहीं नकारा जा सकता कि मानव वन्यजीव संघर्ष की स्थिति भी पीलीभीत में आम होती जा रही है. वैसे तो पीलीभीत जिला बाघों के आबादी में आने और बाघ के हमलों के लिए सुर्खियों में रहता है. मगर बीते सालों में नेपाली हाथी भी पीलीभीत की एक बड़ी आबादी के लिए आफत का सबब बनते जा रहे हैं.
नेपाली हाथियों ने किया हमला?
बीते दिनों झुंड से बिछड़े दो हाथियों ने जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में किसान पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. वहीं शनिवार रात हाथियों के झुंड ने एक किसान की झोपड़ी को तहस नहस कर दिया जिस दौरान झोपडी में सो रहे बुजुर्ग की मौत हो गई. दरअसल, पूरा मामला पीलीभीत के माधोटांडा थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले ढकिया महाराजपुर ताल्लुके गांव का है. जहां शनिवार देर रात हाथियों का झुंड गांव में आ गया. रात तकरीबन दो बजे हाथियों का झुंड गांव के ही रहने वाले पुन्नू नामक बुजुर्ग की झोपड़ी के समीप आए और झोपडी को तहस नहस करने लगे. इसी दौरान घर में सो रहे बुजुर्ग भी हाथियों के उत्पात की चपेट में आ गए.
रेंजर कर रहे जांच पड़ताल
हाथी से कुचलने के चलते 58 वर्षीय पुन्नू की मौत हो गई. चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इधर, जब पीलीभीत टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर रमेश चंद्रा से पूरे मामले की जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि रेंजर मौके पर जाकर जांच पड़ताल कर रहे हैं. वहीं इस समस्या से निपटने के लिए एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुलाया गया है.
महकमे के पास नहीं कोई ठोस उपाय
पीलीभीत टाइगर रिज़र्व के पर्यटन सत्र का उद्घाटन करने पहुंचे वन राज्य मंत्री डॉक्टर अरुण कुमार सक्सेना से लोकल 18 ने लगातार बढ़ रहे मानव वन्यजीव संघर्ष की परिस्थितियों पर सवाल किया तो उन्होंने बताया कि इन परिस्थितियों से निपटने के लिए इलाक़े में चेन लिंक फेंसिंग कराई जा रही है. वहीं आबादी में आए वन्यजीव को रेस्क्यू करने के संसाधन भी बढ़ाए जा रहे हैं. हालांकि हाथियों के चलते बढ़ रही संघर्ष की परिस्थितियों पर उन्होंने कोई भी जवाब नहीं दिया.
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु…और पढ़ें
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु… और पढ़ें