Delhi Bomb Blast: आजमगढ़ से फिर जुड़ा आतंक का नाम, 17 साल बाद फिर दोहराई जा रही है खौफनाक कहानी
आजमगढ़: राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर की शाम हुआ भीषण बम धमाका पूरे देश को हिला गया. यह विस्फोट लाल किले से करीब150-200 मीटर की दूरी पर खड़ी i20 कार में हुआ था. शाम लगभग 6:30 बजे, जब आस-पास के बाजारों में भारी भीड़ थी, तभी धमाका हुआ. इस धमाके में करीब 9 लोगों की मौत हो गई, कई लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
13 सितंबर 2008, यह वही दिन था जब राजधानी दिल्ली में सिलसिलेवार बम धमाकों ने देश को दहला दिया था. करोल बाग, कनॉट प्लेस, ग्रेटर कैलाश और इंडिया गेट जैसे व्यस्त इलाकों में हुए धमाकों में 30 लोगों की मौत हुई थी और 130 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. इस हमले की जिम्मेदारी इंडियन मुजाहिदीन ने ली थी. जांच के दौरान कई संदिग्धों के नाम सामने आए, जिनमें से कुछ उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से जुड़े थे.
चर्चित बटला हाउस एनकाउंटर, जिसने पूरे देश को हिला दिया था
दिल्ली पुलिस ने इन धमाकों की जांच के दौरान कई मुकदमे दर्ज किए. एक मोबाइल नंबर की लोकेशन ने पुलिस को जामिया नगर के बटला हाउस स्थित मकान नंबर L–18 तक पहुंचाया. 19 सितंबर 2008 को इंस्पेक्टर मोहन चंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. जैसे ही पुलिस ने दबिश दी, फ्लैट में छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मोहन चंद्र शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए और इलाज के दौरान शहीद हो गए. जवाबी कार्रवाई में आतिफ अमीन और मोहम्मद शाजिद मारे गए, जबकि आरिफ खान और शहजाद अहमद भाग निकले.
आजमगढ़ का नाम आया चर्चा में
जांच में पता चला कि फरार आतंकी मोहम्मद आरिज नेपाल भाग गया था, जहां उसने नया नाम ‘मोहम्मद सलीम’ रख लिया और नागरिकता प्राप्त कर ली. वहीं, शहजाद अहमद को यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से गिरफ्तार किया. 2018 में दिल्ली पुलिस ने नेपाल में सर्च ऑपरेशन चलाकर आरिज खान को भी पकड़ लिया. इन्हीं घटनाओं के बाद मीडिया में आजमगढ़ को ‘आतंकगढ़’ कहकर संबोधित किया जाने लगा.
एनकाउंटर, विवाद और अदालत का फैसला
2008 के इस आतंकी हमले के दोनों मुख्य आरोपी अब पुलिस के कब्जे में हैं. अदालत ने सुनवाई के बाद शहजाद अहमद को उम्रकैद की सजा सुनाई, जिनका 28 जनवरी 2023 को एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, 2021 में दिल्ली की एक अदालत ने आरिज खान को इंस्पेक्टर मोहन चंद्र शर्मा की हत्या का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा दी. हालांकि, उस वक्त बटला हाउस एनकाउंटर को लेकर कई राजनीतिक विवाद भी उठे थे, लेकिन जांच के बाद इसे क्लीन चिट दे दी गई.