खेती बनेगी आसान, खर्च होगा कम! ड्रोन से लेकर रोटावेटर तक इन हाई टेक कृषि यंत्रों पर मिल रही भारी छूट
अमेठी: खेती-किसानी को ज्यादा आसान और आधुनिक बनाने के लिए कृषि विभाग ने किसानों के लिए खास योजना शुरू की है. इस योजना के तहत जिले के किसानों को अब अलग-अलग कृषि यंत्र भारी छूट पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. यह पहल इसलिए की गई है ताकि किसान कम लागत में आधुनिक मशीनों का उपयोग कर सकें और उनकी खेती ज्यादा बेहतर परिणाम दे सके.
कई तरह की मशीनें अनुदान पर उपलब्ध
कृषि विभाग किसानों को जिन कृषि यंत्रों पर छूट दे रहा है, उनमें शामिल हैं. कस्टम हायरिंग सेंटर, ग्रामीण हाईटेक हब, फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, कल्टीवेटर, मल्टी क्रॉप थ्रेशर, पोटैटो प्लांटर, पावर चाफ कटर, पावर ट्रेलर, रोटावेटर, सुपरसीडर और अन्य आधुनिक मशीनें. इन यंत्रों पर 30 से 40 फीसदी तक अनुदान दिया जा रहा है.
किसान सिर्फ टोकन मनी जमा करके इन मशीनों को अनुदान पर ले सकते हैं.
इसके साथ ही विभाग की ओर से समय-समय पर कैंप और प्रदर्शन लगाए जाते हैं, जिनमें किसानों को मशीनें दिखाकर छूट और प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है.
अमेठी के कृषि उप निदेशक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि कृषि यंत्र अनुदान पर देने से किसानों को काफी राहत मिलेगी और उनकी खेती-किसानी और आसान हो जाएगी. उन्होंने कहा कि जब भी आवेदन मांगे जाते हैं, किसानों को ब्लॉक और जिले दोनों स्तरों पर अलग-अलग माध्यम से जानकारी दी जाती है ताकि कोई किसान इस योजना से वंचित न रह जाए.
उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों के लिए आवेदन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर स्वीकार किए जाते हैं. इसलिए जो भी किसान इन मशीनों का लाभ लेना चाहते हैं, वे जल्द से जल्द विभाग की वेबसाइट पर आवेदन कर लें.