Chandauli News : कड़ाके की ठंड और शीतलहर का कहर, 12वीं तक के स्कूल 5 जनवरी तक बंद
Last Updated:
Chandauli News : चंदौली में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर के चलते जिलाधिकारी ने बड़ा फैसला लिया है. जनपद के सभी बोर्ड के 12वीं तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं, ताकि बच्चों को ठंड से राहत मिल सके. मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों से आ रही पछुआ के असर से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी.
चंदौली : यूपी में मौसम ने फिर से यू टर्न लिया है. पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही सर्द पछुआ ने सर उठाया और शुक्रवार को दिन में प्रदेश के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ी. कोहरे के प्रकोप और दिन में 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गलन भरी पछुआ हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ाई. जिन इलाकों में धूप हुई, वहां भी गलन हावी रही. मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों से आ रही पछुआ के असर से प्रदेश भर में अगले तीन दिनों में दिन व रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी.
वहीं चंदौली जिले में इन दिनों बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर का प्रकोप जारी है. इसी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी चंदौली ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है. यह आदेश जनपद के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष रूप से जारी किया गया है. ठंड की गंभीरता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया जाए.
कब तक रहेगा अवकाश?
जिलाधिकारी द्वारा जारी किए गए आदेश के तहत, जनपद के सभी बोर्ड- जिसमें ICSE, CBSE, UP बोर्ड तथा अन्य सभी बोर्ड शामिल हैं. इस आदेश में 12वीं तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. शीतलहर के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. आदेश के अनुसार 12वीं तक के सभी स्कूल अब 6 जनवरी को दोबारा खुलेंगे. यह सुनिश्चित किया गया है कि छात्रों को कड़ाके की ठंड में स्कूल आने की आवश्यकता न पड़े.
शिक्षकों के लिए विशेष निर्देश
हालांकि स्कूलों में छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारी व कर्मचारी विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करेंगे. इसके अतिरिक्त, जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ के रूप में लगी हुई है, उन्हें अवकाश की छूट नहीं मिलेगी. ये शिक्षक पूर्ववत अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें