Alankar Agnihotri Live News: डीएम पर लगाए गंभीर आरोप, शंकराचार्य से मिला बड़ा ऑफर, इस्तीफा देने के बाद कहां गायब हुए अलंकार अग्निहोत्री?

0
Alankar Agnihotri Live News: डीएम पर लगाए गंभीर आरोप, शंकराचार्य से मिला बड़ा ऑफर, इस्तीफा देने के बाद कहां गायब हुए अलंकार अग्निहोत्री?


Alankar Agnihotri Live News: उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने गणतंत्र दिवस के दिन अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया. ‘जय भवानी-जय शिवाजी’ के नारों के साथ सरकारी आवास खाली करने वाले अग्निहोत्री ने न केवल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, बल्कि अब उनके राजनीति में जाने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं. इधर, यूपी सरकार ने भी सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जाने पल-पल की अपडेट…

सरकारी आवास खाली, निजी गाड़ी से ‘अज्ञात’ स्थान को रवाना
सोमवार देर रात बरेली में एक भावुक और हंगामेदार माहौल देखने को मिला. सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपना सामान डीसीएम (DCM) में लदवाकर सरकारी आवास खाली कर दिया. विदाई के वक्त समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा, जो अग्निहोत्री के पक्ष में जमकर नारेबाजी कर रहा था. सरकारी गाड़ी को छोड़कर वह अपनी निजी गाड़ी से रवाना हुए, लेकिन वह कहां गए हैं, इसकी जानकारी जिला प्रशासन के किसी भी अधिकारी को नहीं है.

शंकराचार्य का आशीर्वाद और ‘धर्म क्षेत्र’ में बड़े पद का ऑफर
इस्तीफे के बाद अलंकार अग्निहोत्री और ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. स्वामी जी ने कहा, ‘एक तरफ दुख है कि आपकी मेहनत से मिली कुर्सी चली गई, लेकिन दूसरी तरफ गर्व है कि आपने सनातन धर्म के लिए स्टैंड लिया.’ शंकराचार्य ने अग्निहोत्री को सरकार से भी बड़ा ‘धर्म क्षेत्र का पद’ देने का प्रस्ताव दिया है, जिस पर अग्निहोत्री ने जल्द ही आशीर्वाद लेने की बात कही है.

डीएम बरेली ने आरोपों को नकारा, ‘चाय की मेज पर हुई थी बात’
सिटी मजिस्ट्रेट ने आरोप लगाया था कि डीएम अविनाश सिंह ने उन्हें बंधक बनाकर उन पर मानसिक दबाव बनाया. हालांकि, डीएम बरेली ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. डीएम (जो स्वयं अस्पताल में भर्ती अपने पिता की देखभाल कर रहे हैं) ने बताया कि, ‘अग्निहोत्री से करीब 45 मिनट तक सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई थी. उस दौरान एसएसपी अनुराग आर्य, एडीएम सिटी सौरभ दुबे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. उन्हें चाय, मिठाई और ड्राई फ्रूट्स के साथ समझाया गया था कि वे इस्तीफा न दें.

सरकार की कार्रवाई, निलंबन और जांच के आदेश
इस्तीफे की खबर के बाद यूपी सरकार ने अनुशासनहीनता और अन्य पहलुओं को देखते हुए अलंकार अग्निहोत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन्हें जांच अवधि के दौरान शामली डीएम कार्यालय से संबद्ध किया गया है. बरेली के मंडलायुक्त को पूरे मामले की जांच सौंपी गई है.

माता प्रसाद पांडे से बातचीत और सनातनी कार्ड
अलंकार अग्निहोत्री ने साफ कर दिया है कि वह अपना इस्तीफा वापस नहीं लेंगे. उन्होंने कहा, ‘अब मेरा भविष्य समाज तय करेगा.’ संकेत मिल रहे हैं कि वह जल्द ही समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से मुलाकात कर सकते हैं. अग्निहोत्री ने खुले तौर पर ब्राह्मणों के अपमान और ब्यूरोक्रेसी के रवैये पर सवाल उठाए हैं, जिसे उनकी भविष्य की राजनीतिक पारी का आधार माना जा रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों