Good News: फीस की चिंता छोड़िए.. अमेठी के टॉप स्कूलों में आपका बच्चा पढ़ेगा मुफ्त, बस 2 फरवरी से कर लें ये काम
अमेठी: अब मजदूर का बेटा भी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ सकेगा और सरकार आपके बच्चे की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी. सरकारी स्कूल ही नहीं, बल्कि निजी और अच्छे कॉन्वेंट स्कूलों में भी गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे, मुफ्त पढ़ाई कर अपना भविष्य बेहतर बना सकेंगे.
क्या है आरटीई
यदि आप भी अपने बच्चे को अच्छे और कॉन्वेंट स्कूल में नि:शुल्क शिक्षा दिलाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. दरअसल, नि:शुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिकार अभियान के तहत आरटीई व्यवस्था लागू की गई है.
क्लास 1 से 8 तक निजी स्कूलों में पूरी तरह मुफ्त शिक्षा
इसके अंतर्गत गरीब परिवारों के ऐसे बच्चे, जो पढ़ाई का खर्च नहीं उठा सकते, उन्हें क्लास 1 से 8 तक निजी स्कूलों में पूरी तरह मुफ्त शिक्षा दी जाएगी. इसके लिए केवल ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं. जो अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला निजी स्कूलों में आरटीई के तहत कराना चाहते हैं, वे www.rte25.upsdc.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन की शर्तें
आवेदन करने के लिए अभिभावक की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. आवेदन के साथ बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड अनिवार्य है. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किया जा सकता है, ऑफलाइन आवेदन के लिए कोई काउंटर नहीं खोला गया है.
आवेदन की लास्ट डेट
आवेदन प्रक्रिया 2 फरवरी से शुरू होकर 25 मार्च 2026 तक चलेगी और इसे तीन चरणों में पूरा किया जाएगा. इस वर्ष अमेठी जिले में 8300 बच्चों को इस योजना से लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
शत-प्रतिशत लाभ देने का लक्ष्य
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि नि:शुल्क बाल शिक्षा अधिकार अभियान के तहत जागरूकता और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर आवेदन करें.
600 से ज्यादा निजी स्कूलों में मिलेगा एडमिशन
उन्होंने कहा कि जिले को जो लक्ष्य दिया गया है, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा. यह प्रक्रिया चार चरणों में संपन्न होगी. जिले के 600 से अधिक निजी स्कूलों को इस अभियान में शामिल किया गया है, जो अच्छी गुणवत्ता वाले स्कूल हैं.
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक आवेदन करें, ताकि हर पात्र बच्चे को इस योजना का पूरा लाभ मिल सके.