लाइव: एटा में रिक्रूट आरक्षियों का दम, अयोध्या में सियासी हलचल पर ब्रेक, मेरठ में ‘किस्सा
यूपी समाचार लाइव: नमस्कार, उत्तर प्रदेश के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. हम इस लाइव ब्लॉग में प्रदेश की क्राइम, राजनीति और वायरल के अलावा अन्य खबरों को बताएंगे. लखनऊ, कानपुर और नोएडा के अलावा यूपी के 75 जिलों की हर एक बड़ी खबर यहां पढ़ने को मिलेगी. इसलिए जुड़े रहें हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग में…
एटा: 10 किलोमीटर की दौड़ में मनीष कुमार ने मारी बाजी
एटा पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे 395 रिक्रूट आरक्षियों के लिए रविवार का दिन परीक्षा भरा रहा. एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर 10 किमी ‘क्रॉस कंट्री’ दौड़ का शुभारंभ किया. टोली नंबर 13 के मनीष कुमार ने मात्र 41 मिनट में 10 किमी की दूरी तय कर प्रथम स्थान प्राप्त किया. पुलिस लाइन से पीएसी बटालियन तक चली इस बाह्य परीक्षा में जवानों का कड़ा अनुशासन देखने को मिला.
अम्बेडकरनगर: शराब पार्टी के बाद खूनी संघर्ष, युवक को मारी गोली
जलालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर फिरोजपुर में दोस्ती और नशे के बीच खूनी खेल देखने को मिला. साथ में शराब पार्टी कर रहे दो युवकों में विवाद इतना बढ़ा कि एक ने दूसरे पर गोली चला दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है.
अयोध्या: पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू के सम्मेलन पर प्रशासन की रोक
अयोध्या के बीकापुर में प्रस्तावित पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू के कार्यकर्ता सम्मेलन को प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया. जलालपुर माफी में होने वाला यह कार्यक्रम रद्द होने से समर्थकों में भारी आक्रोश है. एसडीएम बीकापुर ने जिले में लागू धारा 144 और अत्यधिक भीड़ जुटने की आशंका का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति रद्द की.
हाथरस: तस्वीर बनाने वाली फैक्ट्री में ‘शॉर्ट सर्किट’ का तांडव, करोड़ों राख
कोतवाली सादाबाद के कुरसंडा में स्थित एक फोटो फ्रेम (तस्वीर) बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. लकड़ी और प्लाईबोर्ड होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. फैक्ट्री में रखा करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया है. दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
मेरठ: ‘किस्सा कोर्ट कचहरी का’ फिल्म का ट्रेलर लॉन्च, 13 मार्च को रिलीज
मेरठ की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘किस्सा कोर्ट कचहरी का’ के प्रमोशन के लिए स्टार कास्ट पीवीएस मॉल पहुंची. लोकेश तिलकधारी और कृष्षा सिंह बिष्ट समेत पूरी टीम ने ट्रेलर लॉन्च किया. यह फिल्म 13 मार्च को देशभर के 300 से अधिक सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस फिल्म में मेरठ के स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मौका मिला है.
लखीमपुर खीरी: मूकबधिर किशोरी से गैंगरेप के आरोपी को लगी गोली
लखीमपुर खीरी के सिंघाई थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. 14 वर्षीय मूकबधिर थारू जनजाति की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी जावेद खान को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली जावेद के दाहिने पैर में लगी है. आरोपी जावेद गिरफ्तार है, जबकि उसका साथी छोटू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है.
झांसी: प्यार का खौफनाक अंत, महिला पर हमला कर प्रेमी ने लगाई फांसी
झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे आशिक ने खूनी खेल खेला. डेढ़ साल पुराने प्रेम प्रसंग के चलते आरोपी ने घर में घुसकर महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. महिला को मरणासन्न हालत में मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जुगनू मैरिज गार्डन के पीछे फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
गाजियाबाद: घनी आबादी के बीच चल रही थी अवैध पटाखा फैक्ट्री
लोनी पुलिस ने अशोक विहार कॉलोनी में एक मकान पर छापेमारी कर अवैध पटाखा निर्माण का भंडाफोड़ किया है. यहां शादी-समारोहों के लिए अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे. शहनवाज और अनीस नामक दो आरोपी गिरफ्तार. 42 किलो विस्फोटक, 26 कट्टे तैयार पटाखे और 4 मशीनें बरामद. आरोपी असालतपुर फर्रुखनगर से कच्चा माल लाकर एक हफ्ते से यहां काम कर रहे थे.
सोनभद्र: IT की छापेमारी में मिली ‘सीक्रेट डायरी’, कई सफेदपोश रडार पर
सोनभद्र में आयकर विभाग (IT) की टीम भले ही वापस लौट गई हो, लेकिन पीछे एक बड़ा धमाका कर गई है. सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी में विभाग को एक डायरी मिली है, जिसमें बड़े अधिकारियों और रसूखदार नेताओं के नाम शामिल हैं. डायरी में ‘सुविधा शुल्क’ (रिश्वत) और अवैध खनन पट्टों का पूरा हिसाब-किताब दर्ज है. आरोपी इस्तियाक खान को पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति और हाजी इकबाल का करीबी बताया जा रहा है. जल्द ही संदिग्ध अधिकारियों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया जा सकता है.
जीआरपी ने शातिर अपराधी स्टेशन के आउटर से गिरफ्तार
जीआरपी की अलर्ट टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र से एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान अंकुर उर्फ भूरा के रूप में हुई है. उसके कब्जे से लूट के लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है. आरोपी पर 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पिछले करीब 15 वर्षों से स्टेशन पर यात्रियों को अपना निशाना बनाता आ रहा था। चोरी और लूट की कई वारदातों को वह अंजाम दे चुका है. बताया जा रहा है कि वह 12 से ज्यादा बार जेल भी जा चुका है. गिरफ्तारी के बाद जीआरपी प्रभारी निरीक्षक की टीम आरोपी की आपराधिक कुंडली खंगालने में जुटी है और उससे पूछताछ की जा रही है.
बिजनौर: आवारा कुत्तों का आतंक, 10 साल के बच्चे पर हमला
बिजनौर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामले में आवारा कुत्तों ने स्कूल से लौट रहे 10 साल के एक छात्र पर हमला कर दिया. हमले में बच्चे के हाथ और पैरों में गंभीर रूप से काट लिया गया. घटना के बाद परिजन उसे तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया. मामला नजीबाबाद क्षेत्र के थाना नजीबाबाद की कच्ची गढ़ी इलाके का बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार आवारा जानवर घूम रहे हैं, जिससे बच्चों और राहगीरों में दहशत का माहौल है.
होली के त्योहार को लेकर आगरा पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में है. देर रात पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार स्वयं सड़कों पर उतरे और होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान डीसीपी सिटी अली अब्बास और डीसीपी पश्चिमी आदित्य भी मौजूद रहे. शहर में करीब 3 हजार स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा. पुलिस कमिश्नर ने सभी नागरिकों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने आगरा का माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
चंदौली में एक सनसनीखेज आपराधिक घटना सामने आई है. दबंग पूर्व प्रधान ने चार लोगों को गोली मार दी, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. घटना को अवैध असलहे से अंजाम दिया गया. बताया जा रहा है कि पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने फायरिंग कर दी. वारदात के बाद आरोपी पूर्व प्रधान फरार है. मामला सहजौर गांव, रिंग रोड, मुगलसराय क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.