भारत-नेपाल सीमा पर बसा जिला जहां सरहदें नहीं, संस्कृति जुड़ती है, जानें महराजगंज का इतिहास
Last Updated:
Indo Nepal Cultural Exchange Maharajganj: उत्तर प्रदेश का महराजगंज जिला केवल भारत का आखिरी छोर नहीं, बल्कि दो देशों की संस्कृतियों के मिलन का सबसे बड़ा गवाह है. नेपाल के साथ इस जिले का रिश्ता सिर्फ कागजी सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी जड़ें सदियों पुराने इतिहास और ‘रोटी-बेटी’ के अटूट संबंध से जुड़ी हैं. कभी नेपाल के पालपा स्टेट का हिस्सा रहे निचलौल और तिलपुर परगना की कहानी आज भी राजा रत्नसेन और थारू शासकों के संघर्ष की याद दिलाती है. ठूठीबारी से लेकर सनौली तक फैली यह सरहद आज भी एक ऐसी अनूठी संस्कृति को समेटे हुए है, जहां दोनों देशों के बीच शादियां और व्यापारिक रिश्ते पीढ़ियों से चले आ रहे हैं.
महराजगंज: उत्तर प्रदेश का महराजगंज जिला देश के आखिरी छोर पर बसा एक ऐसा स्थान है, जिसका वजूद पड़ोसी देश नेपाल के साथ ऐतिहासिक रूप से घुला-मिला है. यह केवल दो देशों की सीमा नहीं है, बल्कि सदियों पुराने सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों का एक जीवंत संगम है. यहां की आबोहवा में आज भी वह अपनापन महसूस होता है, जो किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मिलना मुश्किल है. भारत और नेपाल के बीच यह दोस्ती आज की नहीं, बल्कि सदियों पुरानी है जिसकी जड़ें इतिहास के गहरे पन्नों में दफन हैं.
इतिहास के पन्ने पलटें तो पता चलता है कि महराजगंज का निचलौल क्षेत्र हमेशा से ऐसा नहीं था. महराजगंज जिले के निचलौल में स्थित राजेंद्र प्रसाद ताराचंद महाविद्यालय में इतिहास के प्रवक्ता डॉ. बृजेश पांडे बताते हैं कि यह क्षेत्र पहले नेपाल के पालपा स्टेट की एक प्रशासनिक इकाई यानी कमिश्नरी हुआ करता था. उस समय इसे ‘तिलपुर परगना’ के नाम से जाना जाता था और इसका पूरा प्रशासनिक कामकाज सीधे पालपा स्टेट से ही संचालित होता था.
इतिहास के अनुसार, जब नेपाल नरेश ने पालपा स्टेट पर हमला किया, तो वहां के तत्कालीन थारू राजा को गिरफ्तार कर उनकी हत्या कर दी गई थी. इस संघर्ष के बाद राजा के कुछ वंशज अपनी जान बचाकर तिलपुर परगना (जो आज का निचलौल क्षेत्र है) में आकर बस गए. डॉ. बृजेश पांडे बताते हैं कि कई ऐतिहासिक पुस्तकों के अध्ययन से पता चलता है कि इनका जुड़ाव राजस्थान के प्रसिद्ध राजा रत्नसेन के खानदान से था. इसी ऐतिहासिक जुड़ाव के आधार पर इन्हें भी इतिहास में राजा रत्नसेन के नाम से ही पहचान मिली.
यह भी पढ़ें: महराजगंज के इस क्षेत्र की गजब है कहानी, जंगलों को काटकर राजा ने बनाया अपना राज्य
1857 की क्रांति और राजा रंडोल सेन का प्रशासन
स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी इस सीमावर्ती क्षेत्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही. इतिहासकार बताते हैं कि 1857 की क्रांति के समय यहां राजा रंडोल सेन का प्रशासन था. आज भी महराजगंज के इस इलाके में राजा रंडोल सेन के शासन से जुड़ी कई लोककथाएं बुजुर्गों की जुबान पर सुनने को मिलती हैं. उनके दौर के कई ऐतिहासिक स्थल आज भी इस बात की गवाही देते हैं कि यह क्षेत्र कभी शौर्य और रणनीतिक शक्ति का बड़ा केंद्र हुआ करता था.
वर्तमान में अगर आप महराजगंज के सीमावर्ती इलाकों जैसे ठूठीबारी, झूलनीपुर, नौतनवा, बरगदवा और सनौली जाते हैं, तो आपको भारत और नेपाल की संस्कृतियों का अद्भुत मेल दिखेगा. यहां दोनों देशों के लोगों का बेरोकटोक और सहज आवागमन होता है. यहां की सीमा पर एक ऐसी मिली-जुली संस्कृति देखने को मिलती है, जो दुनिया के किसी दूसरे हिस्से में दिखना बहुत मुश्किल है.
दोनों देशों के बीच ‘रोटी-बेटी’ का अटूट रिश्ता
महराजगंज और नेपाल के बीच का संबंध महज आधिकारिक नहीं बल्कि पूरी तरह पारिवारिक है. इस जिले के अधिकांश परिवारों की रिश्तेदारियां नेपाल में हैं और नेपाल के बहुत से घरों का गहरा नाता महराजगंज से है. इस ‘रोटी-बेटी’ के अटूट रिश्ते ने भौगोलिक लकीरों को समाज के बीच से मिटा दिया है. यही कारण है कि यहां के त्योहारों, भाषा और खान-पान में दोनों देशों की झलक एक साथ देखने को मिलती है, जो भारत-नेपाल की अटूट मित्रता का प्रतीक है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें