गणित में 99 नंबर! शानदार है यूपी बोर्ड की पूर्व टॉपर प्राची निगम का 12वीं का स्कोरकार्ड
नई दिल्ली (UP Board Topper Prachi Nigam). उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के इतिहास में प्राची निगम ऐसा नाम बन चुकी हैं, जिन्हें उनकी शैक्षणिक योग्यता से ज्यादा उनके चेहरे की बनावट से चर्चा मिली. साल 2024 में जब उन्होंने यूपी बोर्ड 10वीं की परीक्षा में पूरे प्रदेश में टॉप किया था, तब उनकी सफलता की गूंज से ज्यादा सोशल मीडिया पर उनके लुक्स को लेकर भद्दे कमेंट्स किए गए थे. लेकिन प्राची ने उस निगेटिविटी को खुद पर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने साबित कर दिया कि स्टूडेंट की असली पहचान उसके अंकों और ज्ञान से होती है, न कि उसकी शारीरिक बनावट या चेहरे के बालों से।
प्राची निगम का यूपी बोर्ड 12वीं रिजल्ट
उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली प्राची निगम ने इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा में 91.20 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार कामयाबी पाई है. साल 2024 में अपनी सफलता के साथ-साथ सोशल मीडिया पर बेवजह की टिप्पणियों का सामना करने वाली प्राची निगम ने इस बार अपने अंकों से सबका मुंह बंद कर दिया है. प्राची की जीत न केवल उनके परिवार के लिए गौरव की बात है, बल्कि उन सभी स्टूडेंट्स के लिए प्रेरणा है जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य पर अडिग रहते हैं. जानिए यूपी बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 में प्राची के विषय-वार नंबर और उनके भविष्य के सपनों के बारे में.
प्राची निगम को किस विषय में मिले कितने अंक?
प्राची निगम ने यूपी बोर्ड 12वीं की परीक्षा में कुल 91.20% अंक हासिल किए हैं. उनके विषय-वार नंबरों पर नजर डालें तो उनकी प्रतिभा साफ झलकती है:
- गणित: 99 (सबसे शानदार प्रदर्शन)
- हिंदी: 96
- केमिस्ट्री: 95
- फिजिक्स: 92
- अंग्रेजी: 73
अगर प्राची के अंग्रेजी विषय में भी 90 से अधिक अंक होते तो वह निश्चित रूप से प्रदेश की मेरिट लिस्ट में काफी ऊपर स्थान बना लेतीं. 12वीं पीसीएम विषयों में उनके मार्क्स उनकी इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए बेहद मजबूत आधार पेश करते हैं.
इंजीनियर बनना चाहती हैं प्राची निगम
बोर्ड परीक्षा के ज्यादातर टॉपर्स जहां आईएएस या आईपीएस अफसर बनने की इच्छा जताते हैं, वहीं प्राची निगम का लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है. वह इंजीनियर बनना चाहती हैं. प्राची निगम का मानना है कि उन्हें विज्ञान और गणित विषयों में गहरी रुचि है. इसलिए वह उसी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं जिसमें उनका मन लगता है. उनका यह फैसला आज की पीढ़ी को अपना पैशन चुनने की प्रेरणा देता है. यूपी बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2024 जारी होने के समय भी प्राची निगम ने अपना फ्यूचर प्लान बताया था.
साधारण परिवार से हैं यूपी बोर्ड की टॉपर
यूपी बोर्ड टॉपर लिस्ट में शामिल रहीं प्राची निगम के पिता चंद्र प्रकाश निगम ठेकेदार हैं और मां ममता निगम होममेकर हैं. एक मिडिल क्लास परिवार से आने वाली प्राची निगम के लिए यह सफर आसान नहीं था. लेकिन परिवार के सहयोग ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की शक्ति दी. उनके एक भाई और एक बहन भी अभी 10वीं कक्षा में हैं, जिनके लिए प्राची रोल मॉडल बन चुकी हैं.
टॉपर्स की लिस्ट से लेकर ट्रॉल्स के जवाब तक का सफर
प्राची निगम ने जब 10वीं में 600 में से 591 अंक (98.50%) हासिल किए थे तो वह रातों-रात स्टार बन गई थीं. लेकिन इंटरनेट की दुनिया ने उनकी प्रतिभा की सराहना करने के बजाय उनके चेहरे के अनचाहे बालों पर मीम्स बनाने शुरू कर दिए. उस समय प्राची निगम ने बहुत ही मैच्योरिटी से जवाब देते हुए कहा था कि ‘अगर मेरे दो नंबर कम होते तो शायद लोग मुझे ट्रोल नहीं करते.’ यह बयान उनकी मानसिक मजबूती दर्शाता है.
12वीं में प्रदर्शन और भविष्य के सपने
प्राची निगम ने अपनी स्कूली शिक्षा सीतापुर के बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से जारी रखी थी. 10वीं के बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई पर और भी ज्यादा ध्यान केंद्रित किया. उनके शिक्षकों का कहना है कि प्राची कभी भी उन कमेंट्स से विचलित नहीं हुईं. वह इंजीनियर बनने का सपना देखती हैं और उसी दिशा में आईआईटी (IIT) की तैयारी में जुटी हैं. 12वीं में भी उनका प्रदर्शन उनकी मेहनत का आईना रहा है.
ट्रोल्स को करारा जवाब- काम बोलता है
प्राची निगम की सक्सेस स्टोरी से साबित होता है कि डिजिटल युग में हम किसी की सफलता को कितनी जल्दी धूमिल करने की कोशिश करते हैं. लेकिन साथ ही यह भी सिखाती है कि अगर आपके पास ‘इच्छाशक्ति’ है तो आप किसी भी बाधा को पार कर सकते हैं. यूपी बोर्ड के गलियारों में प्राची निगम का नाम अब केवल टॉपर के रूप में नहीं, बल्कि ‘फाइटर’ के रूप में याद रखा जाएगा.