3 महीने में तैयार होगा नया दालमंडी मार्ग, जानिए अब कितना काम है बाकी
Last Updated:
वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है. 187 भवनों में से अधिकांश के ध्वस्तीकरण का काम पूरा हो चुका है और प्रशासन ने अगले तीन महीनों में नए मार्ग को तैयार करने का लक्ष्य रखा है. करीब 60 फीट चौड़ी सड़क, आकर्षक पाथवे, हरियाली और शिव थीम आधारित डिजाइन के साथ यह मार्ग काशी विश्वनाथ धाम तक श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाएगा. 221 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना वाराणसी के शहरी विकास की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है.
वाराणसी के नए काशी विश्वनाथ मार्ग पर श्रद्धालु जल्द ही चहल कदमी करते नजर आएंगे. अगले 3 महीने में प्रशासन ने दालमंडी सड़क को मूर्त रूप देने की तैयारी पूरी कर रही है. फिलहाल, दालमंडी में 187 भवनों में से करीब 60 फीसदी से ज्यादा भवनों के ध्वस्तीकरण का काम पूरा किया गया है बाकी के बचे काम को भी 45 से 50 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए अब बुलडोजर के साथ पोकलैंड मशीन का सहारा भी लिया जा रहा है.
दालमंडी में अब 24 घण्टे प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. अब तक करीब 120 मकानों के ध्वस्तीकरण का काम पूरा हुआ है. गुरुवार को 11 और नए भवनों को तोड़ने का काम भी शुरू होगा. इसके लिए प्रशासन ने मुनादी भी कराई है. इसके साथ ही 24 घण्टे पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी दालमंडी के चप्पे चप्पे पर है.
जारी है ध्वस्तीकरण का काम
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के के सिंह ने बताया कि जल्द ही दालमंडी के सभी भवनों को डिस्मेंटल करने का काम पूरा कर लिया जाएगा. अब भी कई भवन स्वामी मुआवजे के लिए चौक स्थित कैम्प ऑफिस में अपने भवनों के कागजात लेकर पहुंच रहे हैं जिसकी जांच कराई जा रही है. जैसे-जैसे भवनों की रजिस्ट्री होती जा रही है वैसे वैसे वहां ध्वस्तीकरण का काम भी किया जा रहा है. 15 जुलाई तक इस काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उसके बाद 30 से 60 दिनों में इस मार्ग को मूर्त रूप भी दे दिया जाएगा.
हटाएं जाएंगे मस्जिद
इस चौड़ीकरण प्रोजेक्ट की जद में 187 भवन है जिसमें 6 मस्जिद भी शामिल है. के के सिंह ने बताया कि इन मस्जिदों के मालिकों से भी बातचीत जारी है. जल्द ही इनपर भी फैसला होगा उसके बाद इन्हें भी शिफ्ट किया जाएगा.
60 फीट चौड़ी होंगी सड़कें
बताते चलें कि नए दालमंडी की सड़क करीब 60 फीट चौड़ी होगी. इस सड़क के दोनों ओर खूबसूरत पाथवे भी तैयार किया जाएगा. जहां श्रद्धालुओं के बैठने के लिए व्यवस्था होगी. इसके अलावा इस पूरे मार्ग को वायरलेस मार्ग बनाया जाएगा. यहां की भवनें एक रंग में नजर आएंगी. खूबसूरत हरियाली और भगवान शिव के थीम पर इसे सजाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को इस मार्ग पर चलने से ही काशी विश्वनाथ के करीब होने का अहसास हो.
दालमंडी चौड़ीकरण प्रोजेक्ट पर कुल 221 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं. इसमें से करीब 200 करोड़ रुपये मुआवजे के तौर पर भवन स्वामियों को वितरित किया जा रहा है. बता दें कि दालमंडी चौड़ीकरण प्रोजेक्ट की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें