Agriculture Tips: फर्रुखाबाद के किसान ने सीजन के विपरीत गेंदा उगाकर बदली किस्मत, एक महीने में 60 हजार की कमाई!

0
Agriculture Tips: फर्रुखाबाद के किसान ने सीजन के विपरीत गेंदा उगाकर बदली किस्मत, एक महीने में 60 हजार की कमाई!


फर्रुखाबाद. अगर जीवन में आपको कुछ अलग करना है तो फिर लीक से हटकर काम करना होगा, जिसमें हौसला और जुनून होना चाहिए. उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक किसान ने ऐसा ही कर दिखाया है. गैर-परंपरागत और सीजन के विपरीत गेंदा की खेती कर न केवल उन्होंने अपनी किस्मत चमकाई है, बल्कि तगड़ी कमाई भी कर रहे हैं. आज आलम यह है कि वह कोई अन्य फसल न करके फूलों पर आधारित खेती करते हैं, जिसमें कम भूमि की जरूरत होती है. वहीं शादी और पर्वों पर डिमांड बढ़ने से अत्यधिक ऑर्डर भी आते हैं, जिसके कारण कमाई अच्छी हो रही है.

फर्रुखाबाद के कोरी खेड़ा गांव के निवासी किसान अखिलेश ने अपने एक बीघा खेत में गेंदा की फसल तैयार की, जिसमें दो हजार रुपये की लागत आई. चार महीने में जब गेंदा की फसल तैयार हुई तो आमदनी बढ़ी, साथ ही उसी खेत में दूसरी फसल भी रोप दी. आज आलम यह है कि एक साथ डबल फायदा कमा रहे हैं. इसके साथ ही एक बीघा में करीब दस कुंतल तक फूलों का उत्पादन आसानी से हो जाता है. जैसे ही गेंदा की फसल बढ़ती है, किसान दूसरी पौध की बुआई कर देते हैं, इससे एक ही समय में फूलों की फसलों से लाभ उठा रहे हैं.

बंपर आमदनी भी हो गई

स्थानीय स्तर पर गेंदा की बिक्री इतनी अधिक हो रही है कि जिले के खरीददार खेत से ही फसल खरीद लेते हैं. अब अन्य जिलों से भी डिमांड आ रही है, गेंदा के फूलों के प्रति किलो 60 से 100 रुपये तक के दाम मिल रहे हैं, जिससे इस समय गेंदा की फसल से एक महीने में ही 60,000 रुपये की बंपर आमदनी हो गई है. इनका कहना है कि जरूरी नहीं कि अधिक भूमि ही हो, जितनी भी हो उसी में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है.

डबल फसल तैयार करने का क्या है तरीका

किसान अखिलेश ने बताया कि एक साथ कई फसलों को तैयार करने का तरीका उन्हें पुश्तैनी रूप से मिला है. वह लगातार चालीस वर्षों से तीन बीघा भूमि पर गेंदा से कमाई कर रहे हैं. खेत में प्रति पौधा दो मीटर की दूरी पर रोपाई करते हैं, जब पौधा बड़ा हो जाता है तो फूल निकलने लगते हैं, जिन्हें तोड़कर बिक्री कर देते हैं.

फूलों की खेती मुनाफे का सौदा

लोकल 18 को अखिलेश ने बताया कि अपने खेत में जब से गेंदा के फूलों की खेती शुरू की है, तब से एक महीने में 60 हजार रुपये की कमाई हो गई है. तीन बीघा जमीन में सिर्फ गेंदा की फसल से एक लाख रुपये की कमाई हुई है, सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें रोग भी कम लगता है और उनके खेतों में उर्वरक शक्ति भी बढ़ती है. साथ ही जमीन भी उपजाऊ बनी रहती है। फसल तैयार होने पर बाजार ले जाने की भी कोई चिंता नहीं रहती, क्योंकि खेत से ही खरीददार गेंदा के फूल ले जाते हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *