Aligarh News: अलीगढ़ का आलू बना ग्लोबल ब्रांड! 29 टन भेजा गया बहरीन, किसानों के खिले चेहरे, मिल रहा बेहतर दाम
Last Updated:
Aligarh Latest News: अलीगढ़ की मिट्टी में उगे आलू अब विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं. जिले से 29 टन आलू खाड़ी देश बहरीन भेजे गए हैं, जिससे किसानों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में फसल बेचने के नए रास्ते खुल गए हैं.
अलीगढ़: खेती-किसानी के क्षेत्र में अलीगढ़ ने एक नई पहचान बनाई है. यहां के किसानों की मेहनत और मिट्टी की उपज अब सीमाओं के पार पहुंच चुकी है. हाल ही में अलीगढ़ जिले से 29 टन आलू खाड़ी देश बहरीन भेजा गया है. यह उपलब्धि किसानों के लिए गर्व का विषय बन गई है क्योंकि अब उन्हें विदेशों में फसल बेचने के नए मौके मिल रहे हैं. इससे न सिर्फ उन्हें बेहतर दाम मिलेंगे बल्कि स्थानीय बाजार पर निर्भरता भी कम होगी.
किसानों के लिए मील का पत्थर साबित हुआ निर्यात
अलीगढ़ मंडल के उद्यान विभाग के उप निदेशक बलजीत सिंह ने बताया कि जिले से भेजे गए इन आलुओं का निर्यात एग्री साइन एफपीओ के निदेशक जितन अवस्थी की देखरेख में किया गया. इस खेप में प्रमुख रूप से कुफरी सूर्या और फ्राई सोना किस्म के आलू शामिल थे, साथ ही चिप्स सोना जैसी लोकप्रिय प्रजातियां भी जोड़ी गईं. उन्होंने बताया कि यह पहल अलीगढ़ के किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है.
विदेशों में खूब किए जा रहे पसंद
बलजीत सिंह के अनुसार, अलीगढ़ के आलू की खाड़ी देशों में काफी मांग है. यहां के छोटे आकार के बारीक आलू और बड़े आकार के बपर आलू विदेशों में पसंद किए जा रहे हैं. भारतीय बाजार में जहां इन आकारों के आलू को कम प्राथमिकता मिलती है, वहीं विदेशों में इन्हें अच्छी कीमत दी जा रही है.
एग्री साइन एफपीओ के निदेशक जितन अवस्थी ने बताया कि वहां छोटे आलू को उबालकर शहद में डीप करके खाने की एक खास रेसिपी लोकप्रिय है. इसके अलावा वहां के बाजार में अलीगढ़ के आलू से चिप्स और आलू पाउडर भी बनाए जा रहे हैं.
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी तरह व्यापार का दायरा बढ़ा तो किसानों को आलू के सड़ने या औने-पौने दामों पर बेचने की समस्या से राहत मिलेगी. इससे खेती की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार होगा.
आत्मनिर्भर बन रहे हैं किसान
अलीगढ़ के किसान अब अपने आलू की पैदावार को विदेशी मांग के हिसाब से तैयार कर रहे हैं. आधुनिक खेती के तरीकों को अपनाकर वे न सिर्फ आत्मनिर्भर बन रहे हैं बल्कि निर्यात की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. बलजीत सिंह के अनुसार, “यह पहल किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ रही है और उनके जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है.”
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं…और पढ़ें
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं… और पढ़ें