Ayodhya Deepotsav-2025: 26 लाख दीयों की रौशनी में जगमगाएगी रामनगरी, यूपी पर्यटन विभाग ने शुरू किया लखनऊ-अयोध्या विशेष यात्रा पैकेज

0
Ayodhya Deepotsav-2025: 26 लाख दीयों की रौशनी में जगमगाएगी रामनगरी, यूपी पर्यटन विभाग ने शुरू किया लखनऊ-अयोध्या विशेष यात्रा पैकेज


Last Updated:

Lucknow Latest News: भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या इस दीपावली पर एक बार फिर विश्व रिकॉर्ड रचने जा रही है. 26 लाख दीयों से जगमगाने वाले इस ऐतिहासिक दीपोत्सव-2025 का हिस्सा आमजन भी बन सकेंगे. उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं के लिए लखनऊ से अयोध्या तक एक दिवसीय विशेष यात्रा पैकेज की घोषणा की है. मात्र 1,500 रुपये में यह टूर श्रद्धालुओं को दीपोत्सव के दिव्य दृश्य का साक्षी बनाएगा. 

लखनऊ. अयोध्या में 19 अक्टूबर को होने वाले दीपोत्सव-2025 में सरयू तट पर 26 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. यह दृश्य न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा. रंग-बिरंगी आतिशबाजी, आकर्षक लेजर शो और एरियल ड्रोन प्रदर्शन से पूरा अयोध्या धाम स्वर्गिक दृश्य में परिवर्तित होगा. लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इस अनोखे आयोजन के साक्षी बनेंगे. उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं के लिए दीपोत्सव के अवसर पर विशेष यात्रा पैकेज तैयार किया है. यह यात्रा लखनऊ से अयोध्या तक और वापसी सहित एक ही दिन में पूरी होगी. यात्रा का शुभारंभ 19 अक्टूबर को सुबह 11 बजे लखनऊ के होटल गोमती से होगा. यात्री टेम्पो ट्रैवलर से रवाना होंगे और मार्ग में दोपहर 2:30 बजे भोजन किया जाएगा. शाम 3 बजे यात्रा दल अयोध्या पहुंचेगा, जहां राम की पैड़ी पर दीपोत्सव समारोह का भव्य आयोजन देखा जाएगा. रात्रि भोजन के बाद रात 11 बजे दल पुनः लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगा.

सुविधाओं से परिपूर्ण यात्रा, मात्र ₹1,500 में

यह यात्रा पैकेज बेहद किफायती है, मात्र 1,500 रुपये प्रति व्यक्ति में यात्रियों को परिवहन, स्थानीय गाइड, भोजन (दिन और रात दोनों), तथा पीने के पानी की सुविधा दी जाएगी. यात्रियों के साथ अनुभवी स्थानीय गाइड रहेंगे जो अयोध्या की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी रोचक जानकारियां साझा करेंगे. इच्छुक यात्री इस पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग www.upstdc.co.in पर कर सकते हैं.

दीपोत्सव में अतुलनीय नजारा 

शाम 7:30 बजे सरयू तट पर लाखों दीपों की एक साथ जलती हुई लौ अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगी. आसमान में रंगीन आतिशबाज़ी, लेजर शो और ड्रोन प्रदर्शन इसे और भी खास बना देगा. यह दृश्य हर श्रद्धालु के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा. पर्यटन निगम ने यह यात्रा योजना हाल ही में नैमिषारण्य और अयोध्या के लिए शुरू किए गए वीकेंड गाइडेड टूर की सफलता के बाद तैयार की है. विश्व पर्यटन दिवस पर शुरू हुए इन वीकेंड टूर में औसतन 22 से 25 यात्री नियमित रूप से शामिल हो रहे हैं. दुर्गा पूजा के दौरान बंगाली समुदाय के लोगों ने अयोध्या यात्रा के लिए कई स्लॉट बुक कराए थे.

पर्यटन मंत्री बोले- दीपोत्सव हमारी सांस्कृतिक पहचान

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री डॉ. जयवीर सिंह ने कहा कि, “अयोध्या दीपोत्सव केवल वार्षिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का विश्वस्तरीय प्रदर्शन है. यूपीएसटीडीसी का यह पैकेज श्रद्धालुओं को अयोध्या की आध्यात्मिकता, भव्यता और सांस्कृतिक गौरव से जोड़ने का अवसर देगा.” उन्होंने यह भी कहा कि समूह यात्रा से श्रद्धालुओं में आत्मीयता और संवाद का वातावरण बनेगा, जिससे सामाजिक मेलजोल भी बढ़ेगा.

सभी आयु वर्ग के यात्रियों में लोकप्रिय हो रहा है टूर पैकेज

पर्यटन विभाग की विशेष सचिव ईशा प्रिया ने बताया कि यूपीएसटीडीसी के गाइडेड टूर पहले ही सभी आयु वर्ग के यात्रियों में लोकप्रिय हो चुके हैं. परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों के बीच इसकी खास मांग है। उन्होंने कहा, “दीपोत्सव-2025 यात्रा पैकेज के माध्यम से हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर यात्री को सुरक्षित, आरामदायक और आध्यात्मिक अनुभव मिले।”

यात्रियों ने साझा किए अनुभव 

यूपीएसटीडीसी के पूर्व यात्रियों ने भी अपने अनुभव साझा किए. कोलकाता से आए सात सदस्यीय परिवार के प्रकाश मित्रा ने बताया, “हमने अयोध्या की आध्यात्मिकता के बारे में सुना था, लेकिन यूपी टूरिज्म के गाइडेड टूर के माध्यम से इसे करीब से देखना एक अनोखा अनुभव रहा।.हमारी यात्रा बेहद सुविधाजनक और यादगार रही.” यूपीएसटीडीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए नैमिषारण्य यात्रा हेतु रेलवे स्टेशन से सीधे पिक-अप सेवा शुरू की है. वहीं, अयोध्या दीपोत्सव यात्रा लखनऊ के होटल गोमती से आरंभ होगी.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
homeuttar-pradesh

Ayodhya Deepotsav-2025: 26 लाख दीयों की रौशनी में जगमगाएगी रामनगरी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *