Ayodhya Ram Mandir Live: रक्षा मंत्री राजनाथ और सीएम योगी पहुंचे रामलला के दरबार, कर रहे विशेष पूजन
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में इस समय एक अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है. यहां आज प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं में भक्ति का सैलाब है. वहीं, राम मंदिर परिसर और रामनगरी में सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. भारी भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के उच्चतम स्तर को सुनिश्चित किया है. सीएम योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राम मंदिर में पूजा दर्शन किए. पल-पल के अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहें न्यूज 18 हिंदी के इस लाइव से…
भावुक होते मैंने स्वयं देखा है… सीएम योगी
प्रतिष्ठा द्वादशी के पावन अवसर पर मैं रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह का हार्दिक स्वागत करता हूं. राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी प्रत्यक्ष और सक्रिय भूमिका रही है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने जिस दायित्वबोध के साथ इस आंदोलन को आगे बढ़ाया, वह स्मरणीय है. 500 वर्षों बाद भव्य राम मंदिर के स्वरूप को देखकर संपूर्ण राष्ट्र अभिभूत, आनंदित और गौरवान्वित है. द्वादशी के अवसर पर माता अन्नपूर्णानंद मंदिर में सनातन धर्म के उत्थान के कार्य करते हुए उन्हें भावुक होते मैंने स्वयं देखा है. स्वतंत्र भारत में राम मंदिर आंदोलन के अनेक पड़ावों की साक्षी अयोध्या रही है- अयोध्या, जिसका नाम ही युद्धहीनता का संदेश देता है.
चाहे भूकंप आए, चाहे सरयू नदी बढ़ जाएं… : चंपत राय
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वराहगांठ के मौके पर मंदिर ट्रस्ट के चंपत राय ने कहा- 1 हजार साल तक यह मंदिर ऐसे ही रहेगा. चाहे भूकंप आए, चाहे सरयू नदी बढ़ जाएं, चाहे जमीन में नमी आ जाए, ये मंदिर ऐसे ही खड़ा रहेगा. राम सूर्यवंशी हैं. दोपहर 12 बजे जन्म हुआ है. प्रत्येक वर्ष चैत्र शुक्लपक्ष में रामनवमी के दिन सूर्य की किरण रामलला का तिलक करेंगे. 27 मार्च को दोपहर 12 बजे अपने घर में टेलीविजन पर, मोबाइल पर सूर्य तिलक का दर्शन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि संपूर्ण भारत का दर्शन यहां होना चाहिए. दक्षिण भारत में मंदिर के चारों ओर परकोटा बनाया जाता है. उसी तरह यहां परकोटा बनाया गया है. परकोटा के चार कोनों पर एक कोने पर सूर्य, माता भगवती, शंकर जी और चौथे कोने पर गणेश जी का मंदिर बना. आयाताकार में दो भुजाएं लंबी थी. एक पर अन्नपूर्णा माता का मंदिर और दूसरे पर गणेश जी का मंदिर बनाया गया है. आज अन्नपूर्णा माता मंदिर पर राजनाथ सिंह ने ध्वजारोहण किया. उन्होंने आगे कहा कि परिसर में एक मंदिर लक्ष्मण जी के नाम पर बनाया गया है, जिसका नाम शेषावतार रखा गया है. एक निषादराज, एक सबरी, एक माता अहिल्या, एक मंदिर जटायू और एक मंदिर गिलहरी के नाम पर मंदिर बनाया गया है.
सीएम योगी अंगद टीला पर पहुंचा
अंगद टीला पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे. यहां अयोध्या के साधु संतों और श्रद्धालुओं को करेंगे संबोधित. मंच पर मौजूद समाजवादी पार्टी बागी विधायक अभय सिंह और जन प्रतिनिधि.
ओम प्रकाश राजभर बोले- निर्माण 500 साल के संघर्ष की जीत
यूपी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण 500 वर्षों के लंबे संघर्ष का परिणाम है. उन्होंने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसे मौके को पूरे हर्षोल्लास और उत्सव के साथ मनाया जाना चाहिए.
अयोध्या में रामलला की दूसरी वर्षगांठ पर आस्था का महाकुंभ
अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. रामनगरी में भगवान राम के विभिन्न स्वरूपों की झलक देखने को मिल रही है. महाराष्ट्र से आई एक बच्ची राजा राम के स्वरूप में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी है. दूर-दराज से पहुंचे भक्त राजाराम के दर्शन कर रहे हैं. प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी है.
Pran Pratisha News: राम भक्तों को संबोधित करेंगे रक्षा मंत्री और सीएम
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर राम मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया है. गणपति पूजा और मंडल पूजन के साथ भगवान श्रीराम के मंदिर में विशेष अनुष्ठान किए जा रहे हैं. कार्यक्रम के अंत में राम मंदिर के निकास द्वार अंगद टीला पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे. समारोह में अयोध्या जनपद के करीब 1200 संतों और बड़ी संख्या में राम भक्तों को आमंत्रित किया गया है.
Ram Mandir News Live: रामलला के दर्शन किए
दोनों नेता राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में शामिल होने के लिए पहुंच गए हैं. उन्होंने राम लला के दर्शन किए और पूजा की.
Ayodhya News: हनुमानगढ़ी पहुंचे राजनाथ सिंह और सीएम योगी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया.