Black Pottery: आजमगढ़ के दीयों से रौशन होगी अयोध्या की दिवाली, 20 करोड़ के कारोबार से चमका ब्लैक पॉटरी, हर दिन हो रही सप्लाई
Last Updated:
Black Pottery Azamgarh: दिवाली से पहले आजमगढ़ का निजामाबाद कस्बा देशभर में मिट्टी के दीयों की सबसे बड़ी सप्लाई का केंद्र बन गया है. ब्लैक पॉटरी के लिए प्रसिद्ध यह इलाका अब ‘भारत का दीया बाजार’ कहलाने लगा है. इस साल दीयों की मांग इतनी बढ़ी है कि यहां के कारीगरों के साथ-साथ बाहर से भी कारीगर बुलाए गए हैं. अयोध्या, बनारस, दिल्ली, मुंबई से लेकर कोलकाता तक, आजमगढ़ के दीयों से दिवाली की रौशनी फैल रही है.
आजमगढ़: ब्लैक पॉटरी के लिए प्रसिद्ध निजामाबाद इन दिनों भारत के प्रमुख दीया बाजार के रूप में उभरकर सामने आ रहा है. दिवाली के त्योहार से पहले निजामाबाद के ब्लैक पॉटरी मार्केट से देशभर में मिट्टी के बने दीयों की आपूर्ति की जाती है. इस बार भी दीयों की देशव्यापी मांग इतनी ज़्यादा है कि स्थानीय कारीगरों के साथ-साथ बाहर से भी कारीगरों की मदद ली जा रही है. यहां से प्रतिदिन 2 से 3 ट्रक दीयों की खेप देश के अलग-अलग शहरों में भेजी जा रही है.
निजामाबाद में मिट्टी के बर्तनों का कारोबार कर रहे दीपक प्रजापति ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी देशभर से मिट्टी के दीयों के ऑर्डर मिल रहे हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए निजामाबाद कस्बे के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लगभग 2000 से अधिक कारीगर काम कर रहे हैं. यहां के दीयों की अयोध्या में विशेष मांग है, जहां की दिवाली खास तौर पर इन्हीं दीयों से रौशन होती है.
इसके अलावा लखनऊ, बनारस, गोरखपुर, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे बड़े शहरों से भी ऑर्डर मिल रहे हैं. मांग इतनी अधिक है कि सभी व्यापारियों को समय पर सप्लाई देना चुनौती बन गया है.
20 करोड़ का कारोबार, हर दिन चल रही ट्रक से सप्लाई
दीपक ने बताया कि पिछले वर्ष यह कारोबार 15 करोड़ रुपए का था, जबकि इस वर्ष यह बढ़कर लगभग 20 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है. ऑर्डर को समय पर पूरा करने के लिए 2 से 3 महीने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं. वर्तमान में हर दिन 2 से 3 ट्रक माल देशभर के विभिन्न राज्यों में भेजा जा रहा है.
ODOP योजना से मिली नई पहचान
दीपक ने बताया कि जब से वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के अंतर्गत निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी को शामिल किया गया है, तब से इस कारोबार को एक नई पहचान मिली है. दिवाली के समय खासकर दीयों की मांग बहुत अधिक होती है. अब यह पहचान सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहुंच गई है. अयोध्या और वाराणसी आने वाले विदेशी पर्यटक भी अब आजमगढ़ के इस खास पॉटरी मार्केट में आकर यहां के काले मिट्टी के बर्तन और दीये खरीदते हैं.
राहुल गोयल सीनियर पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया 16 साल से ज्यादा का अनुभव है. साल 2011 में पत्रकारिता का सफर शुरू किया. नवभारत टाइम्स, वॉयस ऑफ लखनऊ, दैनिक भास्कर, पत्रिका जैसे संस्थानों में काम करने का अनुभव. सा…और पढ़ें
राहुल गोयल सीनियर पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया 16 साल से ज्यादा का अनुभव है. साल 2011 में पत्रकारिता का सफर शुरू किया. नवभारत टाइम्स, वॉयस ऑफ लखनऊ, दैनिक भास्कर, पत्रिका जैसे संस्थानों में काम करने का अनुभव. सा… और पढ़ें