Board Exam Tips: बोर्ड एग्जाम में टाइम मैनेजमेंट का ये फॉर्मूला है गेम-चेंजर! जानें कैसे 3 घंटे में बिना स्ट्रेस के पूरा करें पेपर
Last Updated:
Board Exam Preparation and Time Management Tips: बोर्ड परीक्षा में अच्छे नंबर सिर्फ पढ़ाई से नहीं बल्कि सही टाइम मैनेजमेंट और लिखने की प्रैक्टिस से मिलते हैं. एजुकेशन एक्सपर्ट डॉ. मोहम्मद फ़याज़ुद्दीन कहते हैं कि तीन घंटे के पेपर को स्मार्ट तरीके से पूरा करने की कला ही छात्रों को दूसरों से आगे ले जाती है. जानिए किन टिप्स को अपनाकर आप इस बार बोर्ड एग्जाम में अच्छा स्कोर कर सकते हैं.
अलीगढ़: बोर्ड परीक्षा ( UP Board Exam) जैसे-जैसे करीब आती है, छात्रों के मन में सबसे बड़ी चिंता यही रहती है कि तीन घंटे का पेपर समय पर और बिना गलती कैसे पूरा किया जाए. कई छात्र पढ़ाई अच्छी होने के बावजूद पेपर अधूरा छोड़ देते हैं. विशेषज्ञ मानते हैं कि समस्या तैयारी की नहीं बल्कि टाइम मैनेजमेंट की होती है. इसी महत्वपूर्ण विषय को समझाते हुए एजुकेशन एक्सपर्ट डॉ. मोहम्मद फ़याज़ुद्दीन बताते हैं कि सही रणनीति, लिखने की प्रैक्टिस और शांत मन से पेपर देना ही छात्र को तीन घंटे का पूरा फायदा दिलाता है.
अच्छे परफॉर्मेंस के लिए रणनीति बेहद जरूरी
डॉ. फ़याज़ुद्दीन बताते हैं कि बोर्ड परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए दो चीजें सबसे जरूरी हैं—टाइम मैनेजमेंट और लिखने की प्रैक्टिस. उनका कहना है कि तीन घंटे के पेपर को आराम से पूरा करने के लिए छात्रों को अपने लिखने का लक्ष्य 2 घंटे 45 मिनट रखना चाहिए और आखिरी 15 मिनट सिर्फ रिवीजन के लिए बचाने चाहिए. इन 15 मिनटों में छात्र अपने उत्तर दोबारा देखकर गलती सुधार सकते हैं, डायग्राम या लेबलिंग ठीक कर सकते हैं और छूटे हुए प्रश्न भी पूरा कर सकते हैं.
पेपर शुरू करते ही पहला काम
उन्होंने कहा कि पेपर मिलते ही दबाव में आने के बजाय यह तय कर लें कि कौन से प्रश्न अच्छे से आते हैं. जो प्रश्न सबसे अच्छे याद हों उन्हें पहले हल करें. कई बार पहला प्रश्न याद नहीं होता लेकिन दूसरा या तीसरा बिल्कुल याद होता है. ऐसे में समय खराब करने के बजाय तुरंत वही प्रश्न लिखना शुरू कर देना चाहिए. कठिन प्रश्नों को आखिर में करने से समय का बेहतर उपयोग होता है और घबराहट भी कम रहती है.
लिखने की प्रैक्टिस बेहद जरूरी
इतना ही नहीं लिखने की प्रैक्टिस सबसे ज्यादा जरूरी है. उनकी मानें तो साफ-सुथरी और तेज लिखावट तभी आती है जब छात्र रोज़ लिखने का अभ्यास करें. इसके अलावा, परीक्षा से 24 घंटे पहले मोबाइल फोन बंद कर देना चाहिए क्योंकि मोबाइल ध्यान भटकाता है और तनाव बढ़ाता है. परीक्षा से पहले शांत और रिलैक्स रहना बेहद जरूरी है.
उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रश्न पर लगने वाला समय उसके मार्क्स और लंबाई पर निर्भर करता है. बड़े प्रश्नों पर अधिक समय लगेगा और छोटे प्रश्नों पर कम. इसलिए छात्रों को पहले से यह समझ होना चाहिए कि किस प्रश्न पर कितना समय देना है. अंत में उन्होंने दो बातों को सबसे जरूरी बताया—टाइम मैनेजमेंट और लिखने की प्रैक्टिस. अगर छात्र इन दोनों चीज़ों पर नियंत्रण कर लें तो बोर्ड परीक्षा में अच्छा स्कोर करना उनके लिए बिल्कुल आसान हो जाता है.
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं…और पढ़ें
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं… और पढ़ें