Budget opinion:मेरठ के स्पोर्ट्स व्यापारियों की हवाई अड्डे की मांग, स्पोर्ट्स उपकरणों पर टैक्स घटाने की मांग!
मेरठ. 1 फरवरी 2026 को भारत सरकार द्वारा बजट पेश किया जाएगा, बजट को लेकर सभी वर्गों ने काफी उम्मीदें लगा रखी हैं. कुछ इसी तरह की उम्मीदें मेरठ के स्पोर्ट्स से संबंधित व्यापारी भी लगाए हुए हैं, क्योंकि जिस तरह से अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ के बाद विभिन्न प्रकार के समीकरण उत्पन्न हुए थे, उससे कहीं न कहीं व्यापारियों के सामने भी विभिन्न प्रकार की चुनौतियां उत्पन्न हो गई हैं. ऐसे में सभी को बजट से काफी उम्मीदें हैं। इन्हीं बातों को देखते हुए लोकल-18 की टीम द्वारा व्यापारियों से खास बातचीत की गई.
बजट में मिलेगी राहत, सरकार से है उम्मीद
सूरजकुंड स्पोर्ट्स गुड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज कुमार सिंघल ने लोकल-18 की टीम से खास बातचीत करते हुए कहा कि जिस तरह से ट्रंप के टैरिफ के बाद भारत सरकार द्वारा जीएसटी की दरों में बदलाव करते हुए 12% की स्लैब को 5% किया गया था, उससे व्यापारियों को काफी राहत मिली थी. ऐसे में व्यापारियों को राहत प्रदान करते हुए स्पोर्ट्स के छोटे व्यापारी भी आगे बढ़ सकें, इसके लिए उनके लिए एक विशेष कॉम्प्लेक्स बनाया जाए. साथ ही कम कीमत की दरों पर जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाए.
हवाई अड्डे की मांग हो पूरी
व्यापारी अक्षत गोयल ने कहा कि जिस तरह से स्पोर्ट्स के क्षेत्र में मेरठ की विश्व में विशेष पहचान है, लेकिन आज भी उन्हें विभिन्न प्रकार की हवाई यात्राओं के लिए दिल्ली की तरफ कूच करना पड़ता है. ऐसे में जिस तरह से यहां पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी तीव्र गति से किया जा रहा है, इसलिए जो हवाई उड़ान का मेरठ का सपना अभी तक अधूरा है, उस सपने को भी इस बजट में पूरा कर देना चाहिए, जिससे आने वाले समय में खिलाड़ी व व्यापारी को राहत मिल सके.
इस टैक्स स्लैब में मिले राहत
व्यापारी इकबाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिट इंडिया का संदेश दिया जाता है. ऐसे में वर्तमान समय में सरकार द्वारा 12 प्रतिशत के टैक्स को 5 प्रतिशत किया गया था, जो काफी अच्छा कदम था. लेकिन अभी भी अगर सेहत से संबंधित विभिन्न प्रकार के उपकरणों की बात की जाए, तो उन पर 18% जीएसटी लगता है. ऐसे में सेहत से संबंधित विभिन्न प्रकार के उपकरण खरीदना लोगों के लिए काफी महंगा हो जाता है. अगर सरकार इस टैक्स स्लैब को भी 5% करती है, तो निश्चित तौर पर सभी लोग सेहत से संबंधित उपकरणों को खरीदेंगे. इससे जहां व्यापार को एक नई उड़ान मिलेगी, वहीं लोगों की सेहत भी बेहतर रहेगी. आपको बता दें कि व्यापारी दीपक तलवार के अनुसार, मेरठ में स्पोर्ट्स से संबंधित क्रिकेट बैट, बॉल, टेनिस, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कैरम, हॉकी सहित हर तरह के खेल व सेहत से संबंधित उपकरण तैयार किए जाते हैं, जिनकी डिमांड विदेशों तक में देखने को मिलती है.