Cabbage cultivation: पत्ता गोभी की खेती का गोल्डन चांस! अक्टूबर में रोपाई से मिलेगा अच्छा भाव, बस इन दो किस्मों का करें चुनाव
Last Updated:
Cabbage cultivation: अगर आप कम समय और कम लागत में अच्छी कमाई करना चाहते हैं, तो पत्ता गोभी की खेती आपके लिए उत्तम है. अक्टूबर का महीना इसकी रोपाई के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. अच्छी पैदावार और मुनाफा कमाने के लिए खेत की तैयारी और उन्नत किस्मों का चुनाव बहुत ज़रूरी है.
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. पुनीत कुमार पाठक ने बताया कि पत्ता गोभी की खेती किसानों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है. इसकी फसल कम दिनों में तैयार हो जाती है, जिससे किसानों को जल्द ही मुनाफा मिलना शुरू हो जाता है. अक्टूबर का महीना इसकी रोपाई के लिए सबसे उत्तम माना जाता है, क्योंकि इस समय लगाई गई फसल से बाजार में अच्छी कीमत मिलती है. किसान इस समय इसकी खेती कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं.

पत्ता गोभी की अच्छी पैदावार के लिए खेत की तैयारी बहुत मायने रखती है. खेत को खेत की गहरी जुताई कर मिट्टी को भुरभुरा बना लें. रोपाई से पहले मिट्टी की जांच करवाकर संतुलित मात्रा में उर्वरकों की पूर्ति करें. सही मात्रा में खाद और उर्वरकों के उपयोग से पौधे स्वस्थ रहते हैं, उनकी ग्रोथ अच्छी होती है और उत्पादन भी बेहतर मिलता है.

पत्ता गोभी की खेती करने के लिए किसानों को हमेशा उन्नत और प्रमाणित किस्मों का ही चयन करना चाहिए. उन्नत किस्मों के चुनाव से न सिर्फ पैदावार बढ़ती है, बल्कि फसल में रोगों और कीटों का खतरा भी कम होता है. अच्छी किस्म की पत्ता गोभी की मांग बाज़ार में अधिक होती है, जिससे किसानों को अच्छा मूल्य मिलता है.

किसान पत्ता गोभी की फसल से बंपर उत्पादन लेने के लिए ‘पूसा अगेती’ किस्म का चुनाव करें. यह किस्म 70 से 80 दिनों में तैयार हो जाती है. इस किस्म से किसान को शुरुआती दिनों बाज़ार भाव का फायदा मिलता है. यह किस्म अच्छी गुणवत्ता की 380 से 400 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उत्पादन देती है.

‘पूसा ड्रम हेड’ पत्ता गोभी की एक और लोकप्रिय और बेहतरीन किस्म है. इस किस्म की विशेषता यह है कि इसके गोभी का आकार बड़ा और ड्रम (ढोलक) के जैसा गोल होता है. किसान एक हेक्टेयर से 350 से 375 क्विंटल तक उत्पादन ले सकते हैं.

पत्ता गोभी की खेती में सफलता के लिए अच्छी किस्मों के साथ-साथ समय पर सिंचाई और कीट-रोग प्रबंधन भी आवश्यक है. किसानों को नियमित रूप से फसल की देखभाल करनी चाहिए और किसी भी रोग या कीट के लक्षण दिखने पर तुरंत कृषि विशेषज्ञ की सलाह लेकर उचित उपाय करने चाहिए. सही प्रबंधन से किसान पत्ता गोभी से कम समय में शानदार कमाई कर सकते हैं.