Chandauli News : दिन में धूप, फिर भी सिहरन बरकरार; चंदौली में शीतलहर ने थामी रफ्तार

0
Chandauli News : दिन में धूप, फिर भी सिहरन बरकरार; चंदौली में शीतलहर ने थामी रफ्तार


Last Updated:

Chandauli News : चंदौली जिले में कड़ाके की ठंड और ठंडी पछुआ हवाओं का असर लगातार बना हुआ है. दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद गलन कम नहीं हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा. शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और बाजारों से लेकर सड़कों तक रफ्तार थमी नजर आई.

चंदौली : जिले में ठंड का कहर जारी है. दिन-रात चल रही ठंडी पछुआ हवा से लोगों को राहत नहीं मिल रही है. हालांकि, दिन में हल्की धूप खिली, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को चैन नहीं लेने दिया. बर्फीली हवाओं के कारण अब तक स्थिर रहने वाला अधिकतम तापमान बुधवार को 2 डिग्री कम दर्ज किया गया. जिले का अधिकतम तापमान मंगलवार के 20 के स्थान पर 19 डिग्री पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के स्थान पर 7 डिग्री पर आ गया.

दरअसल, लगातार बनी गलन ने पूरे जिले की रफ्तार को धीमा कर दिया है. दिन हो या रात, ठंड हर पल अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है. सुबह से ही सर्द हवा और घने कोहरे ने लोगों को कंपकंपाए रखा. दोपहर में खिली हल्की धूप से भी राहत नहीं मिली और शाम होते ही गलन ने फिर से पहरा बैठा दिया. हर कोई शीघ्र अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश में नजर आया. शाम को जगह-जगह अलाव जलाकर गलन से राहत पाने की कोशिश कर रही लोगों की भीड़ यह बता रही थी कि ठंड कितनी तीखी है.

बाजारों से रौनक गायब
दुपहिया वाहन चालकों के लिए हालात और भी मुश्किल रहे. दस्ताना, टोपी और मफलर लगाने के बावजूद ठंडी हवा चेहरे को चीरती महसूस हुई. कई जगहों पर लोग चाय की दुकानों पर रुककर गर्म चाय का सहारा लेते दिखे. धूप जरूर निकली, लेकिन सर्द हवा के कारण उसमें गर्माहट की कमी साफ महसूस हुई. धूप की मौजूदगी से केवल आंखों को तसल्ली मिली, शरीर को नहीं. बाजारों में भी रौनक अपेक्षाकृत कम रही. दुकानदार अलाव जलाकर बैठे रहे और ग्राहक जल्दी-जल्दी खरीदारी कर घर लौटने में ही भलाई समझते रहे.

गलन से फिलहाल राहत के आसार कम
कड़ाके की शीतलहर ने बुधवार को एक अनोखा दृश्य प्रस्तुत किया. भीषण ठंड से बचने के लिए केवल इंसान ही नहीं, बल्कि जानवर भी अलाव का सहारा लेते हुए दिखाई दिए. शाम जब तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, तब शहर के विभिन्न हिस्सों में गाय-बछड़े और कुत्ते भी आग की गर्माहट लेते नजर आए. वहीं, राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में ठंड का सिलसिला जारी रह सकता है. गलन से फिलहाल राहत के आसार कम हैं.

About the Author

mritunjay baghel

मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें

homeuttar-pradesh

दिन में धूप, फिर भी सिहरन बरकरार; चंदौली में शीतलहर ने थामी रफ्तार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों