Chhath Mahaparva : श्रद्धा, आस्था और परंपरा के संगम से गूंजेगा तमसा तट, जानें व्यवस्थाओं का हाल
मऊ. छठ पर्व को लेकर रामघाट पर तैयारियों का सिलसिला एक सप्ताह पहले से ही शुरू हो चुका है. नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ने बताया कि रामघाट पर हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु छठी मइया की पूजा करने आते हैं. इसे ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन ने विशेष रूप से स्वच्छता और सुरक्षा पर जोर दिया है. दो दिन पहले से ही घाट की सफाई के लिए जेसीबी मशीनों से मिट्टी समतल करने और कीचड़ हटाने का कार्य किया जा रहा है. नदी की धारा को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं के अर्घ्य के लिए पीपा पुल लगाया जा रहा है, ताकि जल में खड़े होकर पूजा करने में किसी को असुविधा न हो. दीपक गुप्ता ने बताया कि घाट पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली जा रही हैं.
नगर पंचायत प्रशासन की ओर से महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं. घाट पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था, महिलाओं के लिए अलग शौचालय और रात में आवागमन के लिए हिलाई (रोशनी) व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. दीपक गुप्ता ने बताया कि एक किलोमीटर तक का क्षेत्र प्रकाश व्यवस्था से रोशन किया जाएगा, ताकि देर रात तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. इसके साथ ही घाट के आसपास स्वच्छता और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. नगर पंचायत की टीमें लगातार सफाई कार्य कर रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कीचड़ या गंदगी का सामना न करना पड़े.
27 अक्टूबर की शाम तक पूरी होंगी सभी तैयारियां
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, 27 अक्टूबर की सुबह तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी. उसी शाम श्रद्धालु रामघाट पर पहुंचकर पहला अर्घ्य देंगे. छठ पर्व पर यहां पूरे जनपद और आस-पास के क्षेत्रों से श्रद्धालु आते हैं. इस दौरान घाट पर सुरक्षा बलों की तैनाती, स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की योजना भी बनाई गई है.
20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की होगी उपस्थिति
रामघाट का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी इस पर्व को विशेष बना देता है. मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने इसी घाट पर आगमन किया था, इसलिए यहां की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है. हर साल लगभग 20,000 से अधिक श्रद्धालु यहां सूर्य उपासना के लिए एकत्रित होते हैं. घाट पर अब तक 1000 से अधिक बेदियां बनाई जा चुकी हैं, जहां श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगे. इसके अलावा घाट पर हर वर्ष की तरह देव दीपावली भी बड़े ही भव्य रूप से मनाई जाएगी, जिसमें लगभग 51,000 दीपों से पूरा तट आलोकित होगा.
रामघाट का सौंदर्यीकरण बना आकर्षण का केंद्र
रामघाट को 2 करोड़ रुपये की लागत से सुंदर और सुविधाजनक रूप में विकसित किया गया है. घाट को पक्के प्लेटफॉर्म, रेलिंग और बैठने की व्यवस्था से सजाया गया है ताकि श्रद्धालु आसानी से पूजा कर सकें. नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि छठ पर्व के दौरान किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए हर संभव व्यवस्था की जा रही है. श्रद्धालुओं की आस्था और सहभागिता से इस वर्ष का डाला छठ पर्व पहले से भी अधिक भव्य रूप में मनाया जाएगा.