Chitrakoot news : चित्रकूट में आत्मनिर्भर बनने का सुनहरा मौका, इंडियन बैंक दे रहा हुनर की चाबी, जानें तरीका

0
Chitrakoot news : चित्रकूट में आत्मनिर्भर बनने का सुनहरा मौका, इंडियन बैंक दे रहा हुनर की चाबी, जानें तरीका


चित्रकूट. रोजगार की तलाश कई युवाओं और महिलाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है. पढ़ाई पूरी होने के बाद भी नौकरी न मिलना या मजबूरी में दूसरे जिलों और महानगरों की ओर पलायन करना चित्रकूट के लिए भी आम बात हो गई है. ऐसे हालात में यूपी के चित्रकूट इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के माध्यम से युवाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. चित्रकूट जिले के शिवरामपुर में स्थित इंडियन बैंक आरसेटी केंद्र खोला गया है. जहां युवाओं और महिलाओं को पूरी तरह निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है. खास बात यह है कि यहां सिर्फ एक-दो नहीं बल्कि कुल 38 तरह के रोजगारों से जुड़े कोर्स संचालित किए जा रहे हैं. इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि खुद के पैरों में खड़े होकर पैसा कमाना है.

किनके लिए

आरसेटी केंद्र में ग्रामीण महिलाओं के लिए सिलाई, कढ़ाई जैसे पारंपरिक हुनर को आधुनिक स्वरूप में सिखाया जा रहा है, ताकि वे घर बैठे आय अर्जित कर सकें. युवा और युवती दोनों के लिए ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट, घरों की वायरिंग, मोबाइल फोन रिपेयरिंग, एयर कंडीशन रिपेयरिंग, फोटो और वीडियो ग्राफी, घरेलू विद्युत उपकरण सेवा उद्यमी, मोटरसाइकिल रिपेयरिंग जैसे कोर्स भी उपलब्ध हैं. इसके अलावा अगरबत्ती निर्माण, अचार बनाने, मोटर ड्राइविंग जैसे व्यवसायों का प्रशिक्षण भी दिया जाता है.

इतने दिनों की ट्रेनिंग

इंडियन बैंक के एलडीएम अनुराग शर्मा ने लोकल 18 को बताया कि आरसेटी केंद्र में रहने, खाने और प्रशिक्षण की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह निशुल्क हैं. प्रशिक्षण की अवधि कोर्स के अनुसार 15 दिनों से लेकर 30 दिनों तक होती है. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिया जाता है, जिससे उन्हें स्वरोजगार शुरू करने में मदद मिलती है.

ये दस्तावेज अनिवार्य

आवेदन प्रक्रिया को सरल रखा गया है. इच्छुक युवा और युवतियों को दो फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र के साथ बीपीएल कार्ड, स्वयं सहायता समूह (SHG) प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड या अंत्योदय कार्ड में से कोई एक दस्तावेज शिवरामपुर स्थित आरसेटी केंद्र में जमा करना होगा. इस योजना के तहत 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवा-युवतियां आवेदन कर सकते हैं. प्रशिक्षण पाने के बाद अगर कोई युवा युवती अच्छा कार्य करती है तो उनको बैंक की ओर से लोन भी उपलब्ध कराया जाता है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों