Cracked Heels: वैसलीन-नींबू का कमाल… एड़ियां होंगी पहले जैसी, जानिए आसान टिप्स
Last Updated:
सर्दियों में पैरों की एड़ियां फटना आम समस्या है, लेकिन कुछ सरल घरेलू नुस्खों को अपनाकर आप इससे आसानी से राहत पा सकते हैं. नियमित देखभाल, सही सफाई और मॉइस्चराइजिंग आपकी एड़ियों को फिर से मुलायम, साफ और खूबसूरत बना देती है. आइए जानते है ऐसी ही कुछ जरूरी टिप्स…
गोंडा: सर्दी का मौसम जितना आरामदायक लगता है, उतना ही यह हमारी त्वचा और एड़ियों के लिए मुश्किलें भी लाता है. ठंड में पैरों की त्वचा सूखने लगती है, जिससे एड़ियां फटने लगती हैं. अगर समय रहते इसकी देखभाल न की जाए, तो दर्द, जलन और खून निकलने तक की समस्या हो सकती है. लेकिन, अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप अपनी एड़ियों को फिर से मुलायम और सुंदर बना सकते हैं. गुनगुने पानी और नमक से पैर धोएं, नारियल तेल से मालिश करें, नींबू और वैसलीन का मिश्रण लगाएं, ग्लिसरीन और गुलाबजल का उपयोग करें और केले का पेस्ट लगाएं. इन आसान घरेलू नुस्खों को अपनाकर आपकी एड़ियां कुछ ही दिनों में पहले जैसी मुलायम और खूबसूरत दिखने लगेंगी.

गुनगुने पानी और नमक से पैर धोएं: सर्दियों में एड़ियों की देखभाल की शुरुआत सफाई से होती है. एक बाल्टी गुनगुने पानी में थोड़ा-सा नमक डालकर 10–15 मिनट तक पैर भिगोकर रखें. इससे पांव की मृत त्वचा नरम हो जाती है. बाद में प्यूमिक स्टोन या ब्रश से हल्के हाथों से रगड़कर साफ करें. यह तरीका पैरों का सूखापन कम करता है और एड़ियों को आराम देता है.

नारियल तेल से मालिश करें: नारियल तेल प्राकृतिक मॉइस्चराइज़र है. रात को सोने से पहले पैरों को धोकर अच्छी तरह सुखाएं और एड़ियों पर नारियल तेल लगाकर 5 मिनट मालिश करें. तेल त्वचा के अंदर तक जाकर नमी बनाए रखता है और फटी त्वचा भरने में मदद करता है. इसे रोजाना करने से एड़ियां बहुत जल्दी ठीक होती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

नींबू और वैसलीन का मिश्रण: नींबू में मौजूद प्राकृतिक एसिड मृत त्वचा को हटाता है, जबकि वैसलीन त्वचा को मुलायम बनाता है. एक चम्मच वैसलीन में कुछ बूंदें नींबू का रस मिलाकर एड़ियों पर लगाएं. यह मिश्रण रातभर त्वचा को पोषण देता है और फटी एड़ियों की दरारें भरने में मदद करता है.

ग्लिसरीन और गुलाब जल: यह पुराना लेकिन बहुत असरदार नुस्खा है. दो चम्मच ग्लिसरीन में एक चम्मच गुलाब जल मिलाकर एड़ियों पर लगाएं. ग्लिसरीन त्वचा को हाइड्रेट करता है और गुलाब जल त्वचा को ठंडक और मुलायमाहट देता है. अगर आपकी एड़ियां बहुत ज्यादा फट रही हैं, तो इस मिश्रण का रोजाना उपयोग बेहद फायदेमंद रहेगा.

केले का पेस्ट लगाएं: पका हुआ केला त्वचा को पोषण देने का प्राकृतिक तरीका है. एक पके केले को मैश कर लें और पेस्ट को एड़ियों पर लगाकर 15–20 मिनट छोड़ दें. फिर गुनगुने पानी से धो लें। केले में मौजूद विटामिन और मॉइस्चराइजिंग तत्व त्वचा को कोमल बनाते हैं और कुछ ही दिनों में परिणाम दिखने लगते हैं.