Fatehpur News : मंदिर-मकबरा विवाद में फिर बढ़ा तनाव, पूजा करने पहुंची महिलाओं और पुलिस में नोकझोंक, जानें पूरा मामला
Last Updated:
Fatehpur Temple Tomb Controversy : सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर रेडैया स्थित विवादित ठाकुरद्वारा-मकबरा स्थल पर सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पूजा करने पहुंची महिलाओं को पुलिस ने रोक दिया. इस दौरान महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई. महिलाओं ने बाहर ही आरती कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई.
फतेहपुर : कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा करने पहुंची करीब 50 महिलाओं को पुलिस ने विवादित स्थल में प्रवेश करने से रोक दिया. महिलाएं मंदिर के अंदर पूजा करना चाहती थीं, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया था. इससे नाराज महिलाओं ने पुलिस से बहस शुरू कर दी. पुलिस के रोकने पर महिलाओं ने वहीं खड़े होकर आरती और भजन शुरू कर दिए.
महिलाओं का आरोप, पुलिस ने पूजा के दौरान की अभद्रता
महिलाओं का कहना है कि वे घर से थाली और दीप लेकर आई थीं ताकि ठाकुरद्वारा के बाहर ही पूजा कर सकें, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की. महिलाओं ने कहा कि पुलिस के इस व्यवहार से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. विरोधस्वरूप उन्होंने वहीं बैठकर भजन गाना शुरू कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की.
विवादित स्थल पर पहले भी हो चुका है बवाल
गौरतलब है कि ठाकुरद्वारा-मकबरा विवाद कोई नया नहीं है. इससे पहले 11 अगस्त को इसी स्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया था. उस समय पुलिस ने 10 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. वर्तमान में यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 12 नवंबर को होनी है.
प्रशासन ने एहतियातन बढ़ाई सुरक्षा
विवाद को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में पहले से ही बैरिकेडिंग कर दी थी. सोमवार को महिलाओं की भीड़ बढ़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. कोतवाल ने कहा कि चूंकि मामला अदालत में लंबित है, इसलिए विवादित स्थल पर किसी भी प्रकार की पूजा या अन्य धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जा सकती. पुलिस ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है.
माहौल तनावपूर्ण, लेकिन स्थिति नियंत्रण में
करीब एक घंटे तक चली नोकझोंक के बाद पुलिस ने महिलाओं को शांत कराया और उन्हें वापस घर भेजा. देर शाम तक पुलिस फोर्स इलाके में तैनात रही. हालांकि माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें.