Gardening Tips: गर्मियों में लगाएं ये शानदार लिली! कुछ ही दिनों में खिलेंगे रंग-बिरंगे फूल
Last Updated:
Best Flower Bulbs to Plant in March: क्या आप अपने गार्डन को बिना ज्यादा तामझाम के फूलों से सराबोर करना चाहते हैं. तो अमरीलिस लिली आपके लिए सबसे बेहतरीन ऑप्शन है. मार्च के इस महीने में बस एक सही बल्ब और थोड़ी सी धूप आपके घर का कोना-कोना महका सकती है. जानिए अमरीलिस के स्वस्थ बल्ब चुनने से लेकर, उसे लगाने की सही तकनीक और वो सीक्रेट टिप्स जिनसे आपके अमरीलिस में बड़े और चमकदार फूल खिलेंगे.
अगर आप अपने गार्डन या बालकनी को बिना ज्यादा भाग-दौड़ के रंग-बिरंगे फूलों से सजाना चाहते हैं, तो अमरीलिस लिली एक शानदार विकल्प है. फरवरी और मार्च का मौसम इसके बल्ब लगाने के लिए सबसे आदर्श माना जाता है, क्योंकि इस दौरान तापमान संतुलित रहता है. संतुलित मौसम की वजह से पौधा तेजी से बढ़ता है और कुछ ही हफ्तों में इसमें बड़े व आकर्षक फूल खिलने लगते हैं. लाल, गुलाबी और सफेद रंगों वाली यह लिली आपके घर की बालकनी या गार्डन को एकदम नया और फ्रेश लुक दे देती है.

अमरीलिस लगाने के लिए सबसे जरूरी चीज है एक अच्छा और हेल्दी बल्ब चुनना. खरीदते समय ध्यान रखें कि बल्ब सख्त होना चाहिए और उसमें किसी भी तरह की सड़न या दाग नहीं होना चाहिए. सही बल्ब चुनने से पौधा जल्दी और बेहतर तरीके से विकास करता है. खराब बल्ब लगाने से पौधा ठीक से विकसित नहीं होता और फूल भी अच्छे नहीं आते, इसलिए शुरुआत में सही बल्ब का चुनाव बहुत जरूरी है.

इस पौधे के लिए सही मिट्टी का होना बेहद जरूरी है. ऐसी मिट्टी लें जिसमें पानी रुकता न हो, यानी जल-निकासी अच्छी हो. इसके लिए रेतीली या दोमट मिट्टी सबसे बेहतर मानी जाती है. अगर गमले में पानी ज्यादा देर तक रुका रहेगा, तो बल्ब सड़ सकता है और पौधा खराब हो सकता है. इसलिए मिट्टी को हमेशा हल्का और ड्रेनेज वाली ही रखें.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर आप इसे गमले में लगा रहे हैं, तो ध्यान रखें कि गमले के नीचे छेद जरूर हो ताकि एक्स्ट्रा पानी आसानी से बाहर निकल सके. एक बल्ब के लिए लगभग 6 से 8 इंच का गमला सही रहता है. इससे पौधे की जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है और वे अच्छे से विकसित हो पाती हैं.

बल्ब लगाते समय एक छोटी सी बात का ध्यान रखना जरूरी है कि इसे पूरी तरह मिट्टी में नहीं दबाना चाहिए. बल्ब का ऊपरी हिस्सा थोड़ा सा मिट्टी के बाहर दिखना चाहिए. इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर होती है और सड़न का खतरा भी कम हो जाता है. साथ ही, मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिलाने से पौधा और भी जल्दी बढ़ता है.

अमरीलिस को धूप बहुत पसंद होती है. इसे ऐसी जगह रखें जहां दिन में कम से कम 5 से 6 घंटे की अच्छी धूप मिले. सही धूप मिलने पर पौधा मजबूत बनता है और इसमें बड़े व चमकीले फूल खिलते हैं. अगर इसे पूरी तरह छांव में रखेंगे, तो फूल छोटे रह सकते हैं या उनके आने में बहुत देरी हो सकती है.

पौधे में पानी देने में ज्यादा जल्दबाजी न करें. चूंकि इस पौधे के बल्ब में पहले से ही नमी होती है, इसलिए इसे बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं होती. जब गमले की ऊपरी मिट्टी पूरी तरह सूखी लगे, तभी हल्का पानी दें. ज्यादा या बार-बार पानी देने से बल्ब गल कर खराब हो सकता है, इसलिए सिंचाई का थोड़ा ध्यान रखना जरूरी है.

जब अमरीलिस के फूल खिलकर सूख जाएं, तो उनके सूखे हुए तने को नीचे से काट देना चाहिए. हालांकि, इसकी हरी पत्तियों को कभी न काटें, क्योंकि ये पत्तियां बल्ब को अगले सीजन के लिए ऊर्जा सोखने में मदद करती हैं. ऐसा करने से बल्ब फिर से ‘रिचार्ज’ हो जाता है और अगले साल फिर से उतने ही शानदार फूल देने के लिए तैयार रहता है.