Gas Stove Tips: गंदे बर्नर से परेशान? अपनाएं ये आसान घरेलू नुस्खे और पाएं चमक
Last Updated:
गैस बर्नर की सफाई को अक्सर मुश्किल समझा जाता है, लेकिन रायबरेली के जे आई सी गूढ़ा की गृह विज्ञान प्रवक्ता वंदना शर्मा के अनुसार, सही घरेलू उपाय और नियमित ध्यान से यह काम बेहद आसान बन जाता है. इन सरल टिप्स से न केवल बर्नर चमकता है, बल्कि रसोई भी साफ-सुथरी और हाइजीनिक बनी रहती है. आइए जानते है कुछ आसान टिप्स…
रसोई का सबसे अहम हिस्सा गैस स्टोव होता है, लेकिन अगर बर्नर गंदे हों तो न सिर्फ रसोई का लुक खराब दिखता है, बल्कि गैस की लौ भी ठीक से नहीं जलती है. तेल, मसाले और खाने के छींटे धीरे-धीरे बर्नर पर जमकर कार्बन और चिकनाई की परत बना देते हैं. ऐसे में गैस की फ्लेम पीली या कमजोर हो जाती है. लेकिन, चिंता की बात नहीं इन घरेलू नुस्खों से आप अपने बर्नर को दोबारा चमका सकते हैं.

सबसे आसान और असरदार तरीका है बेकिंग सोडा और सिरका. एक कटोरी में बराबर मात्रा में बेकिंग सोडा और सफेद सिरका मिलाएं. इस मिश्रण को बर्नर पर लगाकर 20-25 मिनट तक छोड़ दें. उसके बाद पुराने टूथब्रश या स्क्रबर से रगड़ें. गंदगी अपने आप निकल जाएगी और बर्नर नए जैसे चमकने लगेंगे.

नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड तेल और जले दागों को हटाने में मदद करता है. नींबू को आधा काटें, उस पर थोड़ा नमक छिड़कें और बर्नर की सतह पर रगड़ें. कुछ मिनट बाद गर्म पानी से धो लें. यह तरीका जिद्दी दागों पर बेहद असरदार है और साथ ही गैस बर्नर से बदबू भी दूर करता है.

अगर बर्नर बहुत ज्यादा गंदा है, तो उसे कुछ देर के लिए गर्म पानी में डिश वॉश लिक्विड डालकर भिगो दें. करीब 30 मिनट बाद ब्रश से साफ करें. इससे चिकनाई और तेल की परत आसानी से निकल जाती है.

आप चाहें तो पुराने टूथपेस्ट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. बर्नर पर टूथपेस्ट लगाकर कुछ देर छोड़ें और फिर ब्रश से साफ करें. इससे कार्बन के दाग हट जाते हैं और हल्की चमक भी लौट आती है.

हर दिन खाना बनाने के बाद अगर आप बर्नर को सूखे कपड़े से पोंछ लें और हफ्ते में एक बार इन नुस्खों से साफ करें, तो यह जले या जाम नहीं होंगे. यह उपाय अपनाकर आप आसानी से, बिना किसी खर्च या अधिक मेहनत के, गैस बर्नर साफ रख सकते हैं.

गैस बर्नर की सफाई मुश्किल नहीं है, बस नियमित ध्यान और सही घरेलू उपाय अपनाने की जरूरत है. इन आसान टिप्स से न सिर्फ आपका बर्नर चमकेगा, बल्कि रसोई भी साफ-सुथरी और हाइजीनिक बनी रहेगी.