Ghaziabad News: ट्रेन का दो मिनट का स्टॉप, सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं, रेलवे ने 70 से ज्यादा जवान किए तैनात, बढ़ाई सुरक्षा
Last Updated:
Ghaziabad News: दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर बढ़ जाती है. इस भीड़-भाड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. 70 से ज्यादा अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं, प्लेटफॉर्म पर रस्सियों के घेरों से भीड़ नियंत्रित की जा रही है, और स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जा रही है.
गाजियाबाद: दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के करीब आते ही बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ ने रेलवे स्टेशनों का रुख कर लिया है. गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर हर दिन यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. ज्यादातर लोग अपने घर-परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए निकल रहे हैं.
दिवाली और छठ पूजा के चलते अब हर ट्रेन में सीट मिलना मुश्किल हो गया है. प्लेटफॉर्म पर टिकट लेकर ट्रेन का इंतजार करते यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. दिल्ली से आने वाली ज्यादातर ट्रेनें गाजियाबाद होकर गुजरती हैं, और यहां पर केवल दो मिनट का स्टॉपेज होता है. इसी दौरान हजारों यात्री चढ़ने और उतरने की कोशिश करते हैं, जिससे भीड़ का दबाव काफी बढ़ जाता है. इस स्थिति से निपटने के लिए रेलवे प्रशासन ने इस बार खास तैयारी की है.
सहायक सुरक्षा आयुक्त एसएस गर्ब्याल ने बताया कि त्यौहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की तरफ से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. अन्य मंडलों से भी करीब 70 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को गाजियाबाद स्टेशन की सुरक्षा में लगाया गया है. स्टेशन पर तीन फुट ओवर ब्रिज हैं, जिन पर भीड़ का दबाव न बढ़े इसके लिए अलग-अलग समय पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है.
भीड़ नियंत्रित करने के लिए लगाए गए रस्से और होल्डिंग एरिया तैयार
रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म पर रस्सियों का घेरा बनाया है ताकि ट्रेन आने पर यात्री नियंत्रित तरीके से चढ़ और उतर सकें. इससे न केवल भीड़ पर नियंत्रण रहेगा बल्कि हादसों की संभावना भी कम होगी. इसके साथ ही स्टेशन परिसर के बाहर एक बड़ा होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है, जहां 500 से अधिक यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था होगी. यहां यात्रियों को ट्रेन के आने तक रोका जाएगा ताकि स्टेशन के अंदर भीड़ का दबाव न बढ़े.
त्यौहारों के सीजन में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर ट्रेन के प्रत्येक कोच पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है. ट्रेन के अंदर भी चार पुलिसकर्मी रहेंगे जो सफर के दौरान निगरानी रखेंगे. इसके अलावा गाजियाबाद स्टेशन के हर हिस्से पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कंट्रोल रूम से लगातार लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भीड़ की स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर, पत्थरबाजी पर रोक
गाजियाबाद के आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी जीआरपी की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है. खासकर उन रूटों पर जहां पहले ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटनाएं हुई थीं, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है.
यात्रियों से अपील: संयम और सावधानी बरतें
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान धैर्य रखें, ट्रेन में चढ़ते या उतरते समय धक्का-मुक्की न करें और अपनी सुरक्षा का खुद भी ध्यान रखें. साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस या स्टेशन कंट्रोल रूम को दें.
राहुल गोयल सीनियर पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया 16 साल से ज्यादा का अनुभव है. साल 2011 में पत्रकारिता का सफर शुरू किया. नवभारत टाइम्स, वॉयस ऑफ लखनऊ, दैनिक भास्कर, पत्रिका जैसे संस्थानों में काम करने का अनुभव. सा…और पढ़ें
राहुल गोयल सीनियर पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया 16 साल से ज्यादा का अनुभव है. साल 2011 में पत्रकारिता का सफर शुरू किया. नवभारत टाइम्स, वॉयस ऑफ लखनऊ, दैनिक भास्कर, पत्रिका जैसे संस्थानों में काम करने का अनुभव. सा… और पढ़ें