Ghazipur News : टीवी, वाईफाई, हीटर और रोज बदले जा रहे रजाई-गद्दे, होटल से कम नहीं गाजीपुर का ये रैन बसेरा
Last Updated:
Rain Basera Ghazipur : गाजीपुर का ये रैन बसेरा अब सिर्फ रात गुजारने की जगह नहीं रहा. हीटर, स्मार्ट टीवी और सुरक्षा व्यवस्था के साथ यह बाहर से आने वाले यात्रियों और जरूरतमंदों के लिए भरोसेमंद ठिकाना बन गया है. साफ-सुथरे बिस्तर, हर दिन बदली जाने वाली रजाई और कड़ाके की ठंड को मात देने के लिए लगे रूम हीटर इसे खास बनाते हैं. महिलाओं के लिए भी अलग से सुरक्षित रैन बसेरा बनाया गया है. इतनी सुविधा किसी महंगे होटल में ही मिल सकती है.
गाजीपुर. यूपी के गाजीपुर का यह रैन बसेरा केवल एक टेंट नहीं, बल्कि सुविधाओं का केंद्र बन चुका है. यहां फूलों से की गई सजावट और बिछे हुए लाल कालीन मुसाफिरों का स्वागत किसी मैरिज हॉल के बारातियों की तरह करते हैं. साफ-सुथरे बिस्तर, हर दिन बदली जाने वाली रजाई और कड़ाके की ठंड को मात देने के लिए लगे रूम हीटर इसे खास बनाते हैं. मनोरंजन के लिए यहां वाई-फाई युक्त स्मार्ट टीवी और सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहती है. राजापुर थाना के कर्मदिनपुर से आए एक युवक ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह यहां पिछले 8 दिनों से रुक रहे हैं.
क्या बोले रहने वाले
रहने के लिए बहुत अच्छी जगह है और अभी तक कोई दिक्कत नहीं आई है. सबसे अच्छी बात यह है कि यहां पीने के लिए शुद्ध और साफ पानी की भी उचित व्यवस्था है. पिछले साल का रैन बसेरा ऐसा नहीं था, वो टेंपररी था. चंदौली से कचहरी के काम के सिलसिले में आए शिवशंकर मिश्रा अपने साथियों के साथ यहां ठहरे हुए हैं. उन्होंने बताया कि हम दो-तीन लोग साथ आए हैं और आधार कार्ड दिखाकर यहां रुकने की अनुमति मिल गई. यहां गद्दे, रजाई और तोशक की क्वालिटी बहुत बढ़िया है और हीटर चलने की वजह से कमरा गरमा-गरम रहता है. अगर कचहरी का काम और बढ़ता है, तो हम बिना किसी परेशानी के एक-दो दिन और यहां आराम से रुक सकते हैं.
प्राइवेसी का पूरा ध्यान
नगर पालिका ने मुसाफिरों की प्राइवेसी और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा है. पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं के लिए भी अलग से सुरक्षित रैन बसेरा बनाया गया है. प्रशासन की यह पहल सर्दियों में उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो काम के सिलसिले में बाहर से आते हैं या जिनके पास रात गुजारने का कोई ठिकाना नहीं है.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें