Health Tips: गर्मियां शुरू होते ही अपनी डाइट में करें ये खास बदलाव, डाइटिशियन से जानिए
Last Updated:
Summer Health Care Tips: सूरज की तपिश और बढ़ता पारा केवल पसीने ही नहीं छुड़ाता, बल्कि आपकी सेहत के लिए गंभीर खतरा भी बन सकता है. गाजियाबाद की मशहूर डाइटिशियन डॉ. पायल ने गर्मियों में खुद को फिट रखने के लिए ‘हाइड्रेशन और लाइट डाइट’ का वो खास फॉर्मूला बताया है, जो आपको लू और डिहाइड्रेशन से कोसों दूर रखेगा. क्या आप जानते हैं कि गर्मी के मौसम में सुबह का नाश्ता कैसा होना चाहिए और किन चीजों को खाने से पेट की बीमारियां जड़ से खत्म हो सकती हैं. आइए जानते हैं.
गाजियाबाद: गर्मियों की दस्तक के साथ ही अब अपनी सेहत को लेकर गंभीर होने का समय आ गया है. तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान के कारण शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. ऐसे में अगर आप खान-पान में थोड़ी सी भी लापरवाही बरतते हैं, तो मौसमी बीमारियां आपको अपनी चपेट में ले सकती हैं. डॉक्टरों और डाइट एक्सपर्ट्स का मानना है कि गर्मियों में संतुलित डाइट और सही दिनचर्या अपनाकर आप न केवल स्वस्थ रह सकते हैं, बल्कि दिनभर ऊर्जावान भी महसूस कर सकते हैं. खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
गाजियाबाद के गणेश हॉस्पिटल की डाइटिशियन डॉ. पायल का कहना है कि गर्मियों में सबसे बड़ी चुनौती शरीर में नमी बनाए रखने की होती है. इसके लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना अनिवार्य है. सामान्य तौर पर एक व्यक्ति को दिन में कम से कम तीन लीटर पानी जरूर पीना चाहिए. जो लोग फील्ड में काम करते हैं या ज्यादा यात्रा करते हैं, उन्हें इससे भी ज्यादा पानी की जरूरत पड़ सकती है. डॉ. पायल के अनुसार, सादे पानी के अलावा नींबू पानी, ताजी छाछ, दही और नारियल पानी जैसे प्राकृतिक पेय पदार्थ शरीर को अंदर से ठंडा रखने में सबसे ज्यादा मददगार साबित होते हैं. ये चीजें शरीर के तापमान को संतुलित रखती हैं और थकान को हावी नहीं होने देतीं.
यह भी पढ़ें: डैंड्रफ से परेशान? दादी-नानी के ये नुस्खे करेंगे कमाल, रूसी होगी साफ, बाल भी बनेंगे मजबूत-चमकदार
मौसमी फल और हल्का भोजन है रामबाण
गर्मियों में खान-पान को लेकर डॉ. पायल ने सलाह दी है कि भोजन हमेशा हल्का और पौष्टिक होना चाहिए. अपनी डाइट में मौसमी फलों और हरी सब्जियों को भरपूर जगह दें. तरबूज, खरबूज, खीरा और ककड़ी जैसे खाद्य पदार्थ न केवल शरीर को ठंडक पहुँचाते हैं, बल्कि पानी की कमी को भी तेजी से पूरा करते हैं. इसके अलावा, सलाद का सेवन बढ़ाना चाहिए और दालों को रोजाना के भोजन में शामिल करना चाहिए क्योंकि इनमें प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं. कोशिश करें कि भोजन में भारी और गरिष्ठ चीजों की जगह ऐसी चीजें हों जो आसानी से पच सकें.
नाश्ते से लेकर रात के खाने तक का सही समय
डाइटिशियन डॉ. पायल ने बताया कि दिन की शुरुआत हमेशा हल्के और हाई प्रोटीन वाले नाश्ते से करनी चाहिए. सुबह के वक्त ऐसा भोजन लें जिसमें कार्बोहाइड्रेट कम हो, ताकि आप दिनभर ऊर्जा से भरपूर रहें और थकान कम महसूस हो. दोपहर के समय बहुत ज्यादा भारी भोजन करने से बचना चाहिए, वहीं रात का खाना भी हल्का और कम मात्रा में ही लेना बेहतर होता है ताकि पाचन तंत्र सही ढंग से काम कर सके. गर्मी के दिनों में तला-भुना, ज्यादा मसालेदार भोजन और बाहर के जंक फूड से पूरी तरह दूरी बना लेनी चाहिए, क्योंकि ये चीजें पेट की समस्याओं और एसिडिटी को बढ़ा सकती हैं.
फील्ड में काम करने वालों के लिए विशेष टिप्स
जो लोग धूप में ज्यादा रहते हैं या जिनका काम भागदौड़ वाला है, उन्हें अपनी सेहत के प्रति ज्यादा सतर्क रहना चाहिए. ऐसे लोगों को हमेशा अपने साथ पानी की बोतल रखनी चाहिए और प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी पीते रहना चाहिए. शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न हो, इसके लिए ग्लूकोज या ओआरएस (ORS) का घोल लेना भी एक अच्छा विकल्प है. डॉ. पायल का कहना है कि अगर लोग सही टाइम टेबल के साथ संतुलित डाइट का पालन करें, तो वे इस तपती गर्मी में भी खुद को पूरी तरह फिट और स्वस्थ रख सकते हैं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें