Holi UP LIVE: कानपुर में बंदी के बावजूद परेड में खुला ठेका, आजमगढ़ में होली पर खूनी संघर्ष
लखनऊ: होली 2026 के मौके पर पूरा उत्तर प्रदेश रंगों की उमंग में डूबा हुआ है. राजधानी लखनऊ से लेकर अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा तक हर जगह रौनक, गलियों में गुलाल और चौक-चौराहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम नजर आ रहे हैं. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है. संभल और दूसरी संवेदनशील जगहों पर ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है. यूपी पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. यूपी न्यूज लाइव ब्लॉग में आपको प्रदेशभर से जुड़े हर छोटे-बड़े अपडेट और होली के जश्न की खास तस्वीरें मिलेंगी. जुड़े रहिए हर पल की ताजा जानकारी के लिए.
Kanpur Holi News : कानपुर होली पर बंदी के बावजूद परेड में खुला ठेका, वीडियो वायरल
कानपुर में में होली के त्योहार पर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार शाम तक सभी शराब के ठेके बंद रखने का आदेश था. पूरे शहर में ठेके बंद रहे, लेकिन परेड इलाके में खुलेआम शटर खोलकर शराब बिक्री का वीडियो वायरल हो गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों के आदेशों को दरकिनार कर परेड खलवा क्षेत्र में दुकान संचालित की गई. आबकारी विभाग की लापरवाही और पुलिस की अनदेखी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. लोगों का कहना है कि न सिर्फ आदेशों की धज्जियां उड़ाई गईं, बल्कि शराब की ओवररेटिंग भी की गई. मामले को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.
Azamgarh Holi : आजमगढ़ में होली पर खूनी संघर्ष, चार लोग गंभीर घायल
आजमगढ़ में होली के दिन रंगों का त्योहार उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब शराब के नशे में धुत्त कुछ युवकों ने युवतियों पर जबरन रंग फेंकते हुए छिटाकसी की. विरोध करने पर दबंग युवक हमलावर हो गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे. मारपीट की इस घटना में एक महिला समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. मामला भारतीपुर गांव के तरवा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आता है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
Prayagraj Holi : प्रयागराज में धूमधाम से होली, आश्रमों में खिली फूलों की रंगत
प्रयागराज की संगम नगरी में होली का पर्व बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. मठ-मंदिरों, गुरुकुलों और साधु-संतों के आश्रमों में रंग और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है. बलुआ घाट स्थित ओम नमः शिवाय बाबा के आश्रम में फूलों की विशेष होली खेली गई. बाबा ने अपने भक्तों पर फूल बरसाकर उन्हें आशीर्वाद दिया और प्रेम, एकता व भाईचारे का संदेश दिया. आश्रम परिसर भक्ति संगीत और जयकारों से गूंज उठा, जहां श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक वातावरण में रंगों के इस पावन उत्सव का आनंद लिया.
बाराबंकी में देवा शरीफ दरगाह पर अनोखी होली, गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल
देवा शरीफ दरगाह में इस बार भी होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया. सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की पावन दरगाह पर हिन्दू मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर गुलाल और गुलाब की खुशबू से सराबोर अनोखी होली खेली. होली समिति द्वारा हर साल आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में रंगों के साथ प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश दिया जाता है. दरगाह परिसर में श्रद्धालु एक-दूसरे को गुलाल लगाकर मुबारकबाद देते हैं और सूफी परंपरा की रूहानी फिज़ा में त्योहार का आनंद लेते हैं. यह आयोजन बाराबंकी की गंगा-जमुनी संस्कृति और सांप्रदायिक सौहार्द की जीवंत मिसाल बन गया.
Lalitpur Holi News : हर कोई खेल रहा होली के रंग
होली के मौके पर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अलग-अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं. ललितपुर में जहां बच्चे, बूढ़े और जवान रंग और अबीर-गुलाल की मस्ती में डूबे नजर आए, वहीं प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. गलियों और मोहल्लों में ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोग जमकर होली खेल रहे हैं.
Shahjahanpur News : लाट साहब के जुलूस निकाले जा रहे
शाहजहांपुर में परंपरागत लाट साहब के जुलूस शुरू हो गए हैं. बड़े लाट साहब और छोटेलाल साहब के जुलूस त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाले जा रहे हैं. जुलूस के दौरान प्रतीकात्मक रूप से लाट साहब पर झाड़ू, जूते-चप्पल बरसाए जा रहे हैं, जो विदेशी आक्रांताओं के जुल्म की याद में आक्रोश प्रकट करने की परंपरा का हिस्सा है. बरेली रेंज के डीआईजी शहर में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं.
Bulandshahr News : होली पूजा कर रहे युवक की हत्या
इसी बीच बुलंदशहर से एक दुखद खबर सामने आई है. सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जौली में होली पूजा कर लौट रहे 40 वर्षीय अनिल भाटी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. वह सुबह घर से पूजा के लिए निकले थे और बाद में रास्ते में लहूलुहान हालत में उनका शव मिला. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखुपर में घंटाघर पहुंचे, जहां वह भगवान नरसिंह की शोभायात्रा में शामिल हुए. उनका होली पर काले चश्मे में उनका ये कूल अंदाज.
मोदीनगर में पेटीएम अपडेट के नाम पर एक लाख की ठगी
होली पर मोदीनगर में पेटीएम अपडेट करने के बहाने एक लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. गांव सीकरी कलां निवासी अमन शर्मा, जो दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बाइक स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं, एक युवक खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताकर दुकान पर आया. उसने नए फीचर अपडेट करने की बात कहकर मोबाइल ले लिया और खाते से एक लाख रुपये अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए. मोबाइल वापस मिलने के बाद जब अमन शर्मा ने खाता चेक किया तो ठगी का पता चला. पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Yogi Adityanath Holi in Gorakhpur : सीएम योगी ने गोरखपुर में मनाई होली
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में होली 2026 के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पारंपरिक अंदाज में गोरखनाथ मंदिर में रंगों का उत्सव मनाया. उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ होली खेली और गौशाला पहुंचकर गायों व बछड़ों को अबीर-गुलाल लगाया. इस दौरान मंदिर के पुजारियों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया. आध्यात्मिक वातावरण और लोक परंपराओं के संगम के बीच आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे. सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे, जबकि मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने का संदेश दिया.
Ghaziabad Murder Case: अफेयर के शक में पति ने पत्नी को चाकू से मारा
गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. डीएलएफ स्थित एमएम फ्लैट में 50 वर्षीय मीनू की उसके पति घनश्याम ने कथित रूप से अवैध संबंधों के शक में चाकू से गोदकर हत्या कर दी. बताया गया है कि आरोपी ने रसोई से चाकू उठाकर पत्नी के पेट, छाती और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए. मां को बचाने पहुंची मंझली बेटी हिमांशी पर भी उसने जानलेवा हमला कर दिया और उसके पेट में चाकू घोंप दिया. गंभीर हालत में घायल बेटी को Guru Teg Bahadur Hospital रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. वारदात के बाद आरोपी मौके पर ही बैठा रहा. सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.