IND vs NZ: ‘आज टीम इंडिया करेगी कमाल’…T 20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले फैंस का जोश हाई
Last Updated:
T20 World Cup Final 2026: टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर पूरे देश में जबरदस्त उत्साह है. मेरठ के युवाओं में भी मैच को लेकर खासा क्रेज देखने को मिल रहा है. लोगों को भरोसा है कि भारतीय टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में शानदार प्रदर्शन कर वर्ल्ड कप जीत सकती है. कई युवाओं ने तो टीम इंडिया की जीत के बाद शहर में जश्न मनाने की तैयारी भी कर ली है.
मेरठ: क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज वो घड़ी आ गई है जिसका इंतजार हर हिंदुस्तानी को शिद्दत से था. टी-20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले में आज दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें खिताबी जंग के लिए आमने-सामने होंगी. शाम 7:00 बजे जब पहली गेंद फेंकी जाएगी, तो धड़कनें सिर्फ खिलाड़ियों की ही नहीं बल्कि पूरे देश की बढ़ी होंगी. मेरठ के युवाओं में इस फाइनल मैच को लेकर ऐसा ‘क्रेज’ है कि जीत से पहले ही आतिशबाजी और मिठाइयों के ऑर्डर दे दिए गए हैं. संजू सैमसन के छक्के हों या हार्दिक पांड्या की धारदार गेंदबाजी, मेरठ की गलियों में बस एक ही शोर है ‘अबकी बार वर्ल्ड कप हमारा है’. लोकल-18 की टीम ने मेरठ के क्रिकेट प्रेमियों से खास बातचीत की और जाना कि इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर उनकी क्या खास रणनीति और उम्मीदें हैं.
मेरठ में जीत के जश्न की जोरदार तैयारी
लोकल-18 से खास बातचीत करते हुए क्रिकेट प्रेमी धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जिस तरह से भारतीय टीम ने इस पूरे टूर्नामेंट में कमाल का खेल दिखाया है, वैसा ही मैच वे आज न्यूजीलैंड के खिलाफ भी देखना चाहते हैं. उन्होंने बड़े विश्वास के साथ कहा कि हमारी टीम बॉलिंग, फील्डिंग और बैटिंग के हर मोर्चे पर धूल चटाने के लिए तैयार है. धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने और उनके दोस्तों ने मैच खत्म होने के बाद मेरठ की सड़कों पर विजय जुलूस निकालने की अभी से पूरी प्लानिंग कर ली है.
संजू और सूर्या से बड़े धमाके की उम्मीद
वहीं, रवि सिंह ने टीम की मजबूती पर बात करते हुए बताया कि भारतीय टीम आज हर क्षेत्र में कमाल करती हुई नजर आएगी. उनके अनुसार, यदि भारत पहले बॉलिंग करता है, तो वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या जैसे गेंदबाज किसी भी बड़े बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस करने में सक्षम हैं. वहीं, अगर बैटिंग की बात की जाए तो संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह जैसे धुरंधर खिलाड़ी किसी भी चुनौती को पार कर एक बड़ा स्कोर खड़ा कर सकते हैं.
अभिषेक शर्मा के फॉर्म और बड़े स्कोर पर नजर
संजीव शर्मा का मानना है कि अभिषेक शर्मा एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, और भले ही अब तक के मैचों में उनका बल्ला थोड़ा खामोश रहा हो, लेकिन फाइनल जैसे बड़े मंच पर वे अपना जलवा जरूर बिखेरेंगे. संजीव ने रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि यदि भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले बैटिंग करती है, तो उसे कम से कम 280 प्लस का स्कोर बनाना चाहिए.
फिलहाल मेरठ के सभी क्रिकेट फैंस की नजरें अब बस घड़ी की सुइयों पर टिकी हैं और हर कोई भारतीय खिलाड़ियों को विश्व विजेता बनते देखने के लिए बेताब है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें