Jhansi News: भूसे के ढेर से मिला मासूम का शव, दादा ने ही अपने नाती को उतारा मौत के घाट, जानें पूरा मामला
Last Updated:
Traumatic event: झांसी के लहचूरा थाना क्षेत्र के चकारा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. आठ वर्षीय मासूम मुकेश कुशवाहा की उसके ही दादा ने पैसे चोरी के शक में गला दबाकर हत्या कर दी. शव भूसे के ढेर में छिपा मिला. पुलिस ने आरोपी दादा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
पैसे चोरी के शक में दादा ने की हत्या, फिर छिपाया शव
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन घर के सभी सदस्य खेत पर गए हुए थे. घर में केवल 50 वर्षीय सरमन पुत्र कलू और उसका नाती मुकेश मौजूद थे. इसी दौरान दोनों के बीच मामूली विवाद हो गया. दादा को शक था कि मुकेश उसके पैसे चुराता है. गुस्से में आकर सरमन ने बच्चे को पहले पीटा, फिर गला दबाकर हत्या कर दी. मौत होने पर उसने घबराकर शव को घर के अंदर भूसे के ढेर में छिपा दिया और ताला लगाकर वहां से भाग गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, आरोपी ने किया जुर्म कबूल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बच्चे की मौत गला दबाने से हुई थी. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दादा सरमन से दोबारा पूछताछ की. शुरुआती बयान में कई विरोधाभास मिलने पर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और जेल भेज दिया है. इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. लोग विश्वास नहीं कर पा रहे कि एक दादा अपने ही नाती का कातिल बन जाएगा. गांव में बच्चे की मौत को लेकर मातम पसरा हुआ है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.